रांची : प्रेस क्लब, रांची में Cockroach Janata Party (CJP), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF), अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (AIPWA) तथा झारखंड जनाधिकार महासभा के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसका उद्देश्य नई दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के प्रति एकजुटता व्यक्त करना तथा CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के आह्वान पर आयोजित “लेहरा दो तिरंगा” कार्यक्रम का समर्थन करना था।
CJP सदस्य सृष्टि एक्का ने नई दिल्ली में प्रदर्शन स्थल बदले जाने, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने तथा महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की आलोचना की। उन्होंने पुलिस कार्रवाई, महिलाओं के विरुद्ध हिंसा तथा असहमति व्यक्त करने और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के लोकतांत्रिक अधिकार पर चिंता जताई।
आइसा की झारखंड राज्य सह सचिव संजना मेहता ने कहा कि वे आगामी दिनों में सभी संगठनों के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर झारखंड में संयुक्त विरोध प्रदर्शन आयोजित करेंगी। इस पहल का उद्देश्य निर्वाचन आयोग की जवाबदेही, मुख्य चुनाव आयुक्त के नियुक्ति प्रक्रिया, पुलिस ज्यादती तथा लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक छात्र-युवाओं एवं आमलोगों का समर्थन जुटाना है।
कायनात अंजुम ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रह रहे CJP झारखंड के संस्थापक यशवीर सिंह भी SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे को उठाएंगे। उन्होंने मेलबर्न स्थित विक्टोरिया संसद के बाहर प्रस्तावित प्रदर्शन का भी उल्लेख किया।
प्रवीर पीटर ने नई दिल्ली में पुलिस कार्रवाई के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए स्थिति को “अघोषित आपातकाल” बताया। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की आलोचना की तथा आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम कर रहा है।
एआईएसएफ रांची जिला अध्यक्ष एहतेशाम प्रवीण ने विशेष रूप से महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट और देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई से संबंधित घटनाओं का उल्लेख किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP की रांची नेता सृष्टि एक्का और कायनात अंजुम, आइसा की झारखंड राज्य सह सचिव संजना मेहता, AISF के रांची जिला अध्यक्ष एहतेशाम प्रवीण, AIPWA की राज्य संयोजक नंदिता भट्टाचार्य तथा झारखंड जनाधिकार महासभा के कार्यकर्ता एवं भारत जोड़ो अभियान के राज्य संयोजक प्रवीर पीटर शामिल हुए।