NEWS7AIR

नेहरू गर्ल्स हॉकी में झारखंड की बेटियों का विजय अभियान जारी, मध्य प्रदेश को 3–1 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

सानिया तिर्की, रेजिना कुल्लू और महिमा कुल्लू ने दागे गोल, रेजिना बनीं ‘प्लेयर ऑफ द मैच’

Ranchi: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, राँची के मार्गदर्शन में 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-17) में भाग ले रही झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में 16 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में झारखंड की सीएम एक्सीलेंट गर्ल्स स्कूल, सिमडेगा की टीम ने मध्य प्रदेश विमेन हॉकी अकादमी, ग्वालियर को 3–1 गोल से पराजित किया। यह प्रतियोगिता 9 से 19 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है।

मुकाबले में झारखंड की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। झारखंड की ओर से सानिया तिर्की ने 21वें मिनट, रेजिना कुल्लू ने 40वें मिनट और महिमा कुल्लू ने 55वें मिनट में गोल दागे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और बेहतरीन टीम तालमेल की बदौलत झारखंड ने 3–1 से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।

इस मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए झारखंड की रेजिना कुल्लू को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें शाहाबाद हॉकी टीम की कोच सुश्री गुरमेल कौर ने फ्लैश हॉकी की ओर से सम्मानित किया।

झारखंड टीम के सहयोगी दल में कोच अभिषेक साहू एवं आरती बड़ाईक, मैनेजर एमा बारा तथा फिजियोथेरेपिस्ट निशु डुड्डी शामिल हैं।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग एवं राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने झारखंड की स्कूली खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन और सेमीफाइनल में प्रवेश पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम को बधाई दी। टीम से आगामी मुकाबलों में भी इसी तरह के उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.