NEWS7AIR

रांची में टी20 का रोमांच: ₹1600 से ₹18 हजार तक टिकट, 6 अक्टूबर से बिक्री संभव

रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। जेएससीए ने मैच के टिकटों की दरें तय कर दी हैं। सबसे सस्ता टिकट ₹1600, जबकि सबसे महंगा टिकट ₹18 हजार का होगा।

सूत्रों के अनुसार, टिकटों की बिक्री 6 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। 6 से 8 अक्टूबर तक ऑफलाइन टिकट बिक्री के लिए काउंटर बनाए जा सकते हैं। वहीं, सभी प्रमुख श्रेणियों के टिकट ऑनलाइन भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। जेएससीए प्रबंधन अगले दो-तीन दिनों में टिकट बिक्री की आधिकारिक तारीख की घोषणा कर सकता है।

अलग-अलग विंग के लिए अलग दरें

जेएससीए स्टेडियम में दर्शकों के लिए अलग-अलग विंग और श्रेणियों के हिसाब से टिकट की कीमत तय की गई है। विंग ए के लोअर टियर का टिकट ₹3000 और अपर टियर का ₹2000 रखा गया है। विंग बी के लोअर टियर के लिए ₹3500 और अपर टियर के लिए ₹2500 देने होंगे। विंग सी के लोअर टियर का टिकट ₹3000 और अपर टियर का ₹2000 है।

विंग डी के लोअर टियर का टिकट ₹3000 और स्पाइस बॉक्स का ₹2500 होगा। ईस्ट और वेस्ट हिल का टिकट ₹1600 रखा गया है। अमिताभ चौधरी पवेलियन के प्रीमियम टेरेस के लिए ₹4500, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स के लिए ₹9000 और कॉरपोरेट लाउंज के लिए ₹15 हजार चुकाने होंगे। प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर की कीमत ₹18 हजार रखी गई है।

2023 के मुकाबले ₹600 महंगा हुआ सबसे सस्ता टिकट

इस बार रांची में होने वाले टी20 मैच के टिकट पिछले मुकाबले की तुलना में महंगे हैं। जनवरी 2023 में भारत-न्यूजीलैंड टी20 मैच का सबसे सस्ता टिकट ₹1000 था, जो इस बार बढ़कर ₹1600 हो गया है। यानी न्यूनतम टिकट की कीमत में ₹600 की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, 2023 में सबसे महंगा टिकट ₹10 हजार था, जबकि इस बार अधिकतम कीमत ₹18 हजार तक पहुंच गई है।

जेएससीए सदस्यों के लिए 5 और 6 अक्टूबर को टिकट

जेएससीए की सूचना के अनुसार, लाइफ मेंबर्स के लिए अधिकतम पांच टिकट की व्यवस्था की गई है। संबद्ध जिलों को अधिकतम 100, जबकि संबद्ध स्कूल, क्लब और संस्थानों को 25 टिकट दिए जाएंगे।

जमशेदपुर में 5 अक्टूबर को कीनन स्टेडियम स्थित जेएससीए कार्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक टिकट मिलेंगे। वहीं रांची में 6 अक्टूबर को एमएस धौनी पवेलियन के साउथ गेट से सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक टिकट लिए जा सकेंगे। टिकट लेने के लिए जेएससीए फोटो आईडी या वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।

बिना टिकट स्टेडियम के आसपास भी मुश्किल

मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। सोमवार को डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की गई। मैच के दिन बिना टिकट स्टेडियम के आसपास पहुंचने वालों पर भी प्रशासन की नजर रहेगी।

किस श्रेणी का टिकट कितने में?

श्रेणी| कीमत
विंग ए लोअर टियर| ₹3,000
विंग ए अपर टियर| ₹2,000
विंग बी लोअर टियर| ₹3,500
विंग बी अपर टियर| ₹2,500
विंग सी लोअर टियर| ₹3,000
विंग सी अपर टियर| ₹2,000
विंग डी लोअर टियर| ₹3,000
विंग डी स्पाइस बॉक्स| ₹2,500
ईस्ट/वेस्ट हिल| ₹1,600
अमिताभ चौधरी पवेलियन प्रीमियम टेरेस| ₹4,500
डोनर्स एन्क्लोजर| ₹4,000
लग्जरी पार्लर| ₹10,000
हॉस्पिटैलिटी बॉक्स| ₹9,000
कॉरपोरेट बॉक्स| ₹8,000
कॉरपोरेट लाउंज| ₹15,000

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.