NEWS7AIR

सीयूजे में खुशी, मानसिक स्वास्थ्य और सामूहिक कल्याण पर कार्यक्रम आयोजित

प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने के बताए गए तरीके

रांची: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के सेंटर फॉर हैप्पीनेस एंड होलिस्टिक वेल-बीइंग की ओर से स्टूडेंट्स हैप्पीनेस क्लब के सहयोग से बुधवार को ‘समावेशिता, खुशी और सामूहिक कल्याण’ विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव से बचाव, सकारात्मक सोच और खुशहाल जीवन के महत्व के बारे में जानकारी देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद डॉ. सुधांशु शेखर ने अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. कलसांग वांग्मो ने सेंटर के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों का मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ रहना भी जरूरी है।

कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. मनोज कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी केवल शिक्षा देना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अच्छा और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच को बेहतर जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताया।

इस दौरान सेंटर की गतिविधियों पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई। इसके बाद सहज योग के माध्यम से ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस सत्र में विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित ध्यान से मन को शांत रखने और तनाव कम करने में मदद मिलती है।

इसके बाद हंस योग केंद्र (भारत) के श्री अजीत कुमार ने ‘हंसी, खुशी और भावनात्मक स्वास्थ्य’ विषय पर सत्र आयोजित किया। उन्होंने हंसी और सकारात्मक सोच के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि हंसने और खुश रहने से तनाव कम करने में मदद मिलती है। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम में हिंदी नाटक ‘पार्क’ का मंचन भी किया गया। मानव कौल द्वारा लिखित इस नाटक को विश्वविद्यालय के प्रदर्शन कला विभाग के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया। इसका निर्देशन डॉ. शाकिर तस्नीम ने किया। नाटक के माध्यम से मानवीय रिश्तों, भावनाओं, अकेलेपन और एक-दूसरे से जुड़ाव के महत्व को दिखाया गया। नाटक ने दर्शकों को जीवन और रिश्तों के बारे में सोचने का अवसर दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए आयोजित भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्री रचित कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि खुश रहने का मतलब यह नहीं है कि जीवन में कोई परेशानी न हो। बल्कि परेशानियों को समझना, उनका सामना करना, जरूरत पड़ने पर दूसरों से मदद लेना और दूसरों के प्रति सहयोग एवं संवेदना रखना भी खुशहाल जीवन का हिस्सा है।

इस आयोजन के माध्यम से सेंटर ने विश्वविद्यालय परिसर में सकारात्मक सोच, मानसिक स्वास्थ्य, आपसी सहयोग और खुशहाल वातावरण को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.