राँची: बैंक ऑफ इंडिया, राँची अंचल द्वारा में हिंदी दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमापूर्ण आयोजन आंचलिक प्रबंधक श्री अमित कुमार भदानी की अध्यक्षता तथा उप-आंचलिक प्रबंधक श्री ज्योति कुमार सिंह एवं उप-आंचलिक प्रबंधक (वसूली) श्री असीम कुमार जी की उपस्थिती में हुआ । हिंदी माह के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में आंचलिक प्रबंधक श्री अमित कुमार भदानी ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं भाषाई विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बैंकिंग व्यवसाय में हिंदी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ग्राहकों तक बैंकिंग सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में पहुँचाने में हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति उत्साह एवं सकारात्मक वातावरण का संचार किया।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा बैंकिंग कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन वरिष्ठ प्रबंधक , राजभाषा सुश्री स्वाति कुमारी प्रसाद द्वारा किया गया।