NEWS7AIR

जाप-आईटी टेंडर में फर्जी दस्तावेज से इम्पैनलमेंट का आरोप, आरटीआई कार्यकर्ता ने की जांच की मांग

रांची, 10 नवंबर। जाप-आईटी के टेंडर संख्या जेएपी-17/मैनपावर/02/2021 में मेसर्स एप्टैड टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड पर फर्जी / गलत दस्तावेजों के आधार पर इम्पैनलमेंट हासिल करने का आरोप लगा है। यह आरोप आरटीआई कार्यकर्ता और समाजसेवी सर्वेश कुमार सिंह ने लगाया है। उन्होंने इस मामले में जाप-आईटी के निदेशक, सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग के प्रधान सचिव और सूचना पदाधिकारी को अलग-अलग पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

सर्वेश कुमार सिंह का आरोप है कि उक्त टेंडर का एग्रीमेंट 19 अगस्त 2021 को निष्पादित हुआ था और 25 अगस्त 2021 को दिनांकित था। उस समय यह एग्रीमेंट तत्कालीन सीईओ सर्वेश सिंघल (आईएफएस) के अधिकार में प्रोसेस हुआ था। उनका कहना है कि कंपनी द्वारा जमा किए गए सभी दस्तावेज या तो फर्जी थे या टेंडर के एसओ / एनआईटी में तय मापदंडों से मेल नहीं खाते थे।

शिकायतकर्ता ने अपने पत्रों में गार्टनर, पैराडाइम टेक्नोलॉजी और एप्टैड से जुड़े सभी जमा दस्तावेजों की गहन जांच कराने और उचित कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि उन्होंने 9 सितंबर 2026 को जाप-आईटी के निदेशक को पहला पत्र स्पीड पोस्ट से भेजा था, इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को स्मरण पत्र दिया और सूचना के अधिकार के तहत प्रगति रिपोर्ट की जानकारी भी मांगी।

23 अक्टूबर 2026 को प्रधान सचिव को लिखे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई, आधिकारिक टिप्पणी या पत्राचार नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकारी निदेशक माधवी मिश्रा से व्यक्तिगत मुलाकात में भी उन्हें केवल आश्वासन मिला।शिकायतकर्ता ने मांग की है कि सभी टेंडर दस्तावेजों की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए, 9 सितंबर के पत्र पर की गई कार्रवाई की तत्काल स्टेटस रिपोर्ट दी जाए और दोषी पाए जाने पर ब्लैकलिस्टिंग व आपराधिक कार्यवाही सहित सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले को एसीबी और अन्य उच्च भ्रष्टाचार विरोधी प्राधिकारों के समक्ष ले जाएंगे।वहीं, इस मामले में अभी तक जाप-आईटी या विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.