NEWS7AIR

एयरपोर्ट पर गूंजा वंदेमातरम्: चीन में कमाल कर लौटीं झारखंड की चार महिला फुटबॉलर, पूर्व सैनिकों ने किया भव्य स्वागत

रांची: चीन में आयोजित ‘वूमेन एशियन कप अंडर-17 फुटबॉल टूर्नामेंट’ में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर झारखंड की चार बेटियां गुरुवार को स्वदेश लौट आईं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कदम रखते ही खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। टीम में शामिल रांची की दिव्यानी लिण्डा, गुमला की सुरजमणी व एलिज़ाबेथ और हजारीबाग की अनुष्का के स्वागत के लिए भारी भीड़ उमड़ी।

देशभक्ति के नारों से गूंजा परिसर

भूतपूर्व सैनिकों के संगठन ‘वेटेरन ऑर्गनाइजेशन ऑफ झारखंड (आर्मी, एयरफोर्स एवं नेवी)’ के सदस्य राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ एयरपोर्ट पहुंचे। संगठन के अध्यक्ष मुकेश कुमार, सचिव एम.पी. सिन्हा, प्रवक्ता संजीत सिंह और कोच बबलू ने लावलश्कर के साथ बेटियों को सम्मानित किया। मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद खेल प्रेमी बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम्’ के नारे लगाए, जिससे पूरा एयरपोर्ट परिसर गुंजायमान हो उठा।

सरकारी तंत्र की उदासीनता पर जताया खेद
स्वागत के दौरान संगठन के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने प्रशासनिक उपेक्षा पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर लौटीं बेटियों के स्वागत में सरकारी तंत्र और जनप्रतिनिधियों का गायब रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह रवैया

प्रतिभावान खिलाड़ियों के सुनहरे सपनों पर कुठाराघात है

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य या देश तभी प्रगतिशील बनता है, जब अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को उसका हक और सम्मान मिले। मुकेश कुमार ने स्पष्ट किया कि उनका संगठन प्रतिभावान बच्चों, खिलाड़ियों, वीर नारियों और शहीद परिवारों के सम्मान के लिए हमेशा मुस्तैद खड़ा रहेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.