NEWS7AIR

माड़-भात खाकर देश को चमकाने वाली झारखंड की बेटी दिव्यानी लिंडा लौटेगी वतन

पूर्व सैनिकों और खेल प्रेमियों ने की भव्य स्वागत की अपील

रांची:संघर्ष जब जिद बन जाए, तो किस्मत को भी घुटने टेकने पड़ते हैं। इसे सच कर दिखाया है रांची के सुदूर ग्रामीण इलाके (ओरमांझी प्रखंड) के चंदरा गांव की रहने वाली दिव्यानी लिंडा ने। सीमित संसाधनों, घोर गरीबी और पारिवारिक अभावों के बीच पली-बढ़ी दिव्यानी ने हाल ही में चीन में आयोजित एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप (AFC U-17 Women’s Asian Cup) में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहराने के बाद दिव्यानी लिंडा कल दोपहर 2:00 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंड करेंगी। इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने और देश की इस होनहार खिलाड़ी का हौसला बढ़ाने के लिए स्थानीय खेल संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और पूर्व सैनिकों ने आम जनता से भारी संख्या में एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की है।

माँ की मजदूरी और भाई की बीमारी

संघर्ष की दर्दनाक दास्तां दिव्यानी की यह कामयाबी केवल एक खिलाड़ी की जीत नहीं है, बल्कि उस माँ के आंसुओं और पसीने का फल है जिसने अपनी बेटी के सपनों को कभी मरने नहीं दिया। दिव्यानी के पिता के असमय निधन के बाद, उनकी माँ ने दूसरों के घरों में काम करके और दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह परिवार को संभाला और अपनी बेटी को हर संभव सहयोग दिया। घर के हालात इतने खराब हैं कि दिव्यानी का सगा भाई गंभीर बीमारी के कारण लंबे समय से बिस्तर पर पड़ा हुआ है। इन तमाम मानसिक और आर्थिक प्रताड़नाओं के बावजूद दिव्यानी ने मैदान पर अपने कदम कभी पीछे नहीं खींचे।

टूटी दीवारें, 100 बोरी सीमेंट और व्यवस्था की बेरुखी

एक तरफ जहाँ दिव्यानी मैदान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के मेडल जीत रही है, वहीं दूसरी तरफ उनका परिवार आज भी एक अदद पक्के मकान के लिए तरस रहा है। बरसात के दिनों में टपकती कच्ची छतों के नीचे मेडल सहेजने को मजबूर इस परिवार पर स्थानीय संगठन की नजर पड़ी, जिसके बाद सामाजिक स्तर पर मकान बनाने के लिए 100 बोरी सीमेंट का प्रबंध कराया गया। विडंबना यह है कि झारखंड सरकार के खेल विभाग और शासन-प्रशासन की नजर अब तक इस उभरती हुई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की दुर्दशा पर नहीं पड़ी है।

पूर्व सैनिकों की अपील: हौसलाअफजाई के लिए निकालें 5 मिनट का समय

इस बीच, स्थानीय पूर्व सैनिक संगठन ने देश की बेटी के सम्मान में एक विशेष अभियान छेड़ा है। संगठन के पदाधिकारियों ने सभी पूर्व सैनिकों और प्रबुद्ध नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा है,”यह हमारे राज्य के लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। एक गरीब घर की लड़की ने देश की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोहा मनवाया है। हम सभी पूर्व सैनिकों से निवेदन करते हैं कि यदि आपके पास थोड़ा भी वक्त हो, तो कल दोपहर 2:00 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर आकर इस बेटी का हौसला बढ़ाएं।
आपका केवल 5 मिनट का समय इस खिलाड़ी के जीवन में नया जोश भर देगा।”आगमन का विवरण:दिन व समय: कल (गुरुवार) दोपहर 2:00 बजेस्थान: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.