मजदूर दिवस के अवसर पर रांची रेलवे स्टेशन पर डालसा का विधिक जागरूकता कार्यक्रम
डालसा ने मनाया मजदूर दिवस, असंगठित क्षेत्रों के मजदूरों को दी जानकारी
रांची : माननीय झालसा रांची के निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर डालसा, रांची के द्वारा रांची रेलवे स्टेशन पर मजदूरों एवं कुली के बीच विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डालसा सचिव कमलेश बेहरा ने उपस्थित श्रमिकों को माननीय नालासा के द्वारा (असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवाएं) योजना, 2015 एवं माननीय झालसा, रांची के द्वारा चलाये जा रहे योजना श्रमेव वंदते के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान किया। उपस्थित सभी मजदूरों को श्रम कार्ड बनाने के विषय में जानकारी दिये एवं श्रम कार्ड से मिलने वाले लाभकारी योजना के संबंध में बातें कहीं।
आगे उन्होंने आम-मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को लाभ प्राप्त करने के लिए उनका निबंधन ई-श्रम पोर्टल पर होना आवश्यक है। अतः जिनका निबंधन नहीं हो पाया है वे लोग श्रम विभाग से सम्पर्क कर अथवा प्रखंड स्तर पर संचालित विधिक सहायता केंद्र पर जाकर अपना-अपना निबंधन करवा सकते है। इसमें किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर वह जिला विधिक सेवा प्राधिकार से आवेदन कर विधिक सहायता प्राप्त कर सकते है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेलवे मजिस्ट्रेट श्री विजय कुमार यादव ने कहा कि भारतीय संविधान में श्रमिकों के कल्याण हेतु समान कार्य एवं समान वेतन का प्रावधान है। केंद्र सरकार द्वारा बनाये गये कानून न्यूनतम मजदूरी अधिनियम 1948, बंधुआ मजदूरी उन्मूलन हेतु महत्वपूर्ण कानून के विषय में जानकारी दी गयी।
श्री वीरेंद्र प्रताप (लीगल-एड-डिफेंस-काउंसिल) ने कहा कि मजदूरों को न्याय प्रदान करने के लिए श्रम न्यायालय की स्थापना भी की गयी है। उनके द्वारा बताया गया कि प्रोजेक्ट श्रमेव वंदते असंगठित क्षेत्रों के अंतर्गत कार्यरत मजदूर के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित लाभ उन तक पहुंचाए जाने के लिए माननीय झालसा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची सदैव तत्पर रहता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची उनके आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें उन आवेदनों का लाभ प्रदान करवाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में डालसा सचिव, कमलेश बेहरा, रेलवे मजिस्ट्रेट विजय कुमार यादव, एलडीसी अधिवक्ता, वीरेंद्र प्रताप, पीएलवी विक्की कुमार चौधरी, राजा वर्मा, संगीता देवी, पिंकु कुमारी समेत अन्य उपस्थित थे।