दुर्गापूजा के दौरान सुगम यातायात, सुदृढ़ विधि-व्यवस्था एवं स्वच्छ-सुंदर शहर को लेकर प्रशासन की तैयारी
Ranchi: रांची जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावशाली एवं समयबद्ध क्रियान्वयन, शहरी क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त बनाने, यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुव्यवस्थित करने तथा आगामी दुर्गापूजा के दौरान सुदृढ़ विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर श्री पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत, अपर जिला दण्डाधिकारी विधि-व्यवस्था श्री धनंजय, उपसमाहर्त्ता भूमि श्री मुकेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण, विद्युत विभाग के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आगामी दुर्गापूजा को ध्यान में रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था, प्रमुख पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवागमन, पार्किंग व्यवस्था, सड़कों पर अतिक्रमण तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के लिए सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
मुख्य मार्गों से अनावश्क कट्स हटाने का निर्देश
बैठक में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा शहरी क्षेत्र के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों को चिन्हित कर वहां बने अनधिकृत कट्स की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि यातायात के सुचारू संचालन में बाधा उत्पन्न करने वाले अनावश्यक कट्स को हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शहर में वाहनों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पहले से ही जाम वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाए।
अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा नहीं होने देने पर विशेष जोर
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जहां से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ऐसे स्थानों पर माइकिंग के माध्यम से लोगों को अतिक्रमण नहीं करने की जानकारी देने का निर्देश दिया गया।
सभी वार्डों में वेंडर मार्केट के लिए स्थान चिन्हित करने का निर्देश
शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में वेंडर मार्केट के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर सूची तैयार करने का निर्देश जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा दिया गया। नगर निगम को संबंधित अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि फुटपाथ एवं सड़क किनारे अनियमित तरीके से दुकान लगाने की समस्या को नियंत्रित किया जा सके और व्यवस्थित वेंडिंग की व्यवस्था विकसित हो।
रांची जिले के शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध खाली सरकारी भूमि को चिन्हित कर सूची तैयार करने का निर्देश जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में विभिन्न जनोपयोगी एवं विकासात्मक परियोजनाओं के लिए सरकारी भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भूमि का समुचित चिन्हांकन आवश्यक है।
अवैध पार्किंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
बैठक में यातायात नियमों का अनुपालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ऑटोमैटिक चालान की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त मार्गों एवं जाम वाले क्षेत्रों में अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अनधिकृत कब्जे तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़कों पर बेतरतीब केबल एवं GAIL द्वारा कार्य के बाद गड्ढे छोड़ने पर सख्त रुख
बैठक में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा बिजली खंभों पर जगह-जगह बेतरतीब तरीके से लगे केबल को हटाने के लिए कार्यपालक विद्युत अभियंता को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
वहीं, GAIL के अधिकारियों को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सख्त निर्देश दिया गया कि सड़क पर कार्य करने वाले संबंधित कॉन्ट्रैक्टर कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क की स्थिति को पूर्ववत करना सुनिश्चित करें। सड़क पर किए गए गड्ढों को अनिवार्य रूप से भरने तथा आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने को कहा गया। इस संबंध में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने लापरवाही पर सख्त चेतावनी देते हुए संबंधित एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क पर कार्य के बाद किसी भी प्रकार की अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी।
विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने कहा कि रांची को सुव्यवस्थित, स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम शहर बनाने के लिए सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करना होगा। आगामी दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए यातायात, विधि-व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण एवं शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया गया।