खूंटी: आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में बैंक एवं ग्राहकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में एसपी ने बैंक शाखाओं और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को हमेशा क्रियाशील रखने और पर्याप्त अवधि तक फुटेज सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अलार्म, सायरन समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच करने तथा बैंक और एटीएम परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
त्योहारों के दौरान बैंकों में बढ़ने वाली ग्राहकों की भीड़ और नकद लेन-देन को देखते हुए बैंक परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी भी साइबर अपराध, वित्तीय धोखाधड़ी अथवा सुरक्षा संबंधी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।