NEWS7AIR

सवर्ण मोर्चा की मांग पर मोदी-शाह सरकार ने अपनाए नरम रुख, तीन सप्ताह बाद फिर होगी अगले दौर की वार्ता

नई दिल्ली: देशभर में सवर्ण समाज को कानून, बजट और सरकारी योजनाओं में बराबरी का हक दिलाने के लिए चल रहे आंदोलन के बीच केंद्र की मोदी-शाह सरकार के रुख में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लगातार बुलंद होती सवर्णों की आवाज और आंदोलन के बढ़ते दबाव के बीच, केंद्र सरकार ने अचानक नरमपंथी मार्ग अपनाते हुए आंदोलनकारियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। 

कल देर रात अचानक मिले आमंत्रण के बाद, सवर्ण महापंचायत के नेतृत्वकर्ता व क्षत्रिय करणी सेना के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत, सुप्रीम कोर्ट की जुझारू अधिवक्ता व महिला करणी सेना प्रमुख संगीता सिंह और उनकी टीम ने सरकार के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह मैराथन बैठक देर रात तक चलती रही। 

यूजीसी और एससी-एसटी एक्ट जैसे प्रमुख मुद्दों पर हुई तथ्यपरक चर्चा

अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय संरक्षक संजीव कुमार सिंह ने आज इस बैठक के संदर्भ में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेन्द्र सिंह के साथ सवर्ण समाज से जुड़े सभी प्रमुख और संवेदनशील विषयों पर बेहद गंभीरता पूर्वक विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान यूजीसी एक्ट (UGC Act) और एससी-एसटी एक्ट (SC-ST Act) सहित सवर्णों के हितों से जुड़े सभी आवश्यक मुद्दों पर तथ्यपरक और बिंदुवार वार्ता हुई। 

सरकार ने मांगा तीन सप्ताह का समय

संजीव कुमार सिंह के अनुसार, मोदी-शाह सरकार के प्रतिनिधि मंत्रियों ने सवर्ण समाज की इन तमाम मांगों और विषयों पर सरकार की ओर से गंभीरता पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है। सरकार ने सही निर्णय तक पहुँचने और अगले दौर की वार्ता आयोजित करने के लिए आंदोलनकारी नेताओं से तीन सप्ताह का समय मांगा है। सरकार के इस प्रस्ताव को क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत और अधिवक्ता संगीता सिंह ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है। 

आवाज बुलंद रहेगी, अगली रणनीति पर चर्चा शुरू

भले ही सरकार ने तीन सप्ताह का समय मांगा है, लेकिन सवर्ण नेताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक अगली बैठक में सवर्ण हित में कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं आ जाता, तब तक आंदोलन और सवर्ण समाज की आवाज को लगातार बुलंद रखा जाएगा। 

इस बीच, अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने फोन पर राज शेखावत और अधिवक्ता संगीता सिंह से बात कर आगामी रणनीति और भविष्य के कदमों पर विस्तार से जानकारी का आदान-प्रदान किया है। सवर्ण समाज को पूरी उम्मीद और आशा है कि मोदी-शाह सरकार देश, न्याय और सवर्ण समाज के हित में जल्द ही कोई बेहतर और ऐतिहासिक निर्णय लेकर सामने आएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.