NEWS7AIR

जेल अदालत: रांची के होटवार जेल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

4 बंदियों को मिला लाभ; जजों ने खुद खाना खाकर जांची भोजन की गुणवत्ता

रांची: झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश और न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में बिरसा मुण्डा केन्द्रीय कारा, होटवार में जेल अदालत-सह-विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। डालसा सचिव राकेश रौशन के नेतृत्व में आयोजित इस जेल अदालत में मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी (CJM) एस. बी. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

4 बंदियों को मिला जेल अदालत का लाभ

जेल में बंद कुल 15 बंदियों ने विभिन्न अदालतों में लंबित मामलों के निपटारे के लिए आवेदन दिया था। इनमें से 4 बंदियों को मौके पर ही जेल अदालत का लाभ प्रदान करते हुए उनके मामलों का निष्पादन किया गया। शिविर में बंदियों को नालसा और झालसा की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), रांची के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान बंदियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया।

न्यायिक अधिकारियों ने चखा खाना, साफ-सफाई के निर्देश दिए

शिविर के साथ-साथ मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी और अन्य न्यायिक दण्डाधिकारियों ने जेल की रसोई का औचक निरीक्षण किया। जजों ने बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए खुद खाना खाकर देखा। उन्होंने भोजन में पाई गई कमियों को तुरंत सुधारने और रसोई में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डालसा सचिव राकेश रौशन ने कहा कि बंदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच होनी चाहिए ताकि किसी भी गंभीर बीमारी का समय पर पता लगाकर इलाज शुरू किया जा सके।

ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर न्यायिक दण्डाधिकारी मयंक मलियाज, प्रशांत कुमार वर्मा, अमित गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, सार्थक शर्मा, काराधीक्षक कुमार चन्द्रशेखर, कारापाल लवकुश कुमार, मोहम्मद सद्दाम हुसैन, सत्येन्द्र कुमार, एलएडीसीएस के सदस्य, एलएलबी के छात्र-छात्राएं और जेलकर्मी उपस्थित थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.