जमशेदपुर: दलमा के जंगलों में एक बार फिर सुरक्षा बलों की हलचल तेज है। नक्सली नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने ऑपरेशन और इंटेलिजेंस—दोनों मोर्चों पर दबाव बढ़ा दिया है। एक ओर दलमा और सीमावर्ती जंगलों में पुलिस व कोबरा बटालियन के जवान लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, तो दूसरी ओर गांवों की दीवारों और सार्वजनिक स्थलों पर छह वांछित नक्सलियों के पोस्टर लगाकर ग्रामीणों से सूचना जुटाने की कवायद तेज कर दी गई है।
इस अभियान के केंद्र में है एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश। पुलिस ने असीम मंडल समेत छह वांछित नक्सलियों के नए पोस्टर जारी किए हैं। पोस्टरों में नक्सलियों की तस्वीर, नाम और उन पर घोषित इनाम की राशि दर्शाई गई है।
किस पर कितना इनाम
असीम मंडल उर्फ आकाश — 1 करोड़ रुपये
राम प्रसाद उर्फ सचिन — 15 लाख रुपये
मीता — 10 लाख रुपये
मंगल सिंह सरदार — 5 लाख रुपये
मालती मुर्मू — 2 लाख रुपये
बुलू महतो — 1 लाख रुपये
जंगल से निकलने वाले हर रास्ते पर नजर
पटमदा, बोड़ाम, घाटशिला और दलमा से सटे गांवों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं। पुलिस ग्रामीणों से कह रही है कि वांछित नक्सलियों की आवाजाही, ठिकाने या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।
पुलिस ने भरोसा दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और निर्धारित प्रक्रिया के तहत सटीक सूचना देने वाले को इनाम भी दिया जाएगा।
जंगल में जवान, गांव में सूचना तंत्र
नक्सल विरोधी अभियान की सबसे अहम कड़ी दलमा के जंगलों में चल रहा संयुक्त सर्च ऑपरेशन है। पुलिस और कोबरा बटालियन के जवान दुर्गम इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। संभावित नक्सली गतिविधियों और संदिग्ध ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।इन पोस्टरों के जरिए पुलिस ने नक्सलियों के चेहरों को ग्रामीणों के बीच पहुंचाने की कोशिश की है।