NEWS7AIR

भर्ती सुधार यात्रा पहुँची जामताड़ा जिला

सरकार के युवा विरोधी चेहरे का पटाक्षेप हो चुका है: देवेंद्र नाथ महतो

रांची// झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में हो रही कथित धांधली एवं अनियमितताओं का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इसके विरोध में राज्य के युवा लगातार सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली से शुरू हुई भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के तहत आज गुरुवार को यात्रा जामताड़ा जिला पहुँची। इस दौरान गिरिडीह जिला के गिरिडीह कॉलेज, बेंगाबाद, गांधी चौक एवं मुरली पहाड़ी तथा जामताड़ा जिला के सुभाष चौक से इंदिरा गांधी चौक तक पदयात्रा की गई।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य सरकार के युवा विरोधी चेहरे का पटाक्षेप हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हाई कोर्ट के समक्ष परीक्षा रद्द करने की अपनी बात को मजबूती से नहीं रखना तथा सुप्रीम कोर्ट द्वारा सीबीआई जांच के संबंध में जारी नोटिस के जवाब को लेकर भी कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने इन मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। युवाओं के भविष्य से जुड़े इन गंभीर मामलों पर सरकार को स्पष्ट एवं ठोस कदम उठाना चाहिए।

बताते चलें कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा कल दुमका जिला में प्रवेश करेगी।

आज की यात्रा के दौरान देवेंद्र नाथ महतो, मनोज यादव, खुशबू कुमारी, प्रेम नायक, प्रीति कुमारी, रितेश सिंह, राजेश प्रसाद, अमित कुमार, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.