सुब्रतो कप में झारखंड की बेटियों का जलवा, बिहार को 5-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश
संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की टीम ने क्वार्टर फाइनल में दिखाया शानदार खेल, कल CISCE से होगा सेमीफाइनल मुकाबला
Ranchi: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, राँची की अगुवाई में झारखंड की टीम 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट के अंडर-17 बालिका वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर रही है। नई दिल्ली एवं दिल्ली-NCR में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की टीम कर रही है। टीम मैनेजर बिंदु कुजूर एवं कोच बिना केरकेट्टा के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को 5-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। झारखंड की ओर से मनीषा डुंगडुंग ने पहला और दूसरा गोल, उषा कुमारी ने तीसरा गोल, जबकि सबरनी कुमारी ने चौथा और पांचवां गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे मुकाबले में झारखंड की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक रणनीति और अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए बिहार पर दबदबा बनाए रखा।
झारखंड की टीम का सेमीफाइनल मुकाबला 24 अगस्त को CISCE की टीम के साथ खेला जाएगा। टीम की शानदार जीत और सेमीफाइनल में प्रवेश से राज्य के खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
मौके पर मौजूद राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने टीम के शानदार प्रदर्शन पर सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल और जुझारूपन की सराहना करते हुए सेमीफाइनल मुकाबले के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
18 से 27 अगस्त 2026 तक आयोजित इस टूर्नामेंट में देश-विदेश की कुल 36 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर स्टेडियम सहित दिल्ली-NCR के विभिन्न मैदानों पर खेले जा रहे हैं।