अड़की (खूंटी): लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने अड़की प्रखंड में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। टोड़ांगडीह और चातोमउटूब गांव के बीच बनी पुलिया तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। पुलिया ध्वस्त होने से अड़की प्रखंड के दर्जनों गांवों का सोयको से सीधा संपर्क पूरी तरह टूट गया है। अब ग्रामीणों को कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर बीरबांकी के रास्ते आवागमन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग सोयको पहुंचने का सबसे छोटा और सुविधाजनक रास्ता था। बागड़ी, तुबिल, हाड़दलामा, मदहातू, पड़ासू समेत आसपास के कई गांवों के लोग रोजमर्रा की जरूरतों, बाजार, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते थे।
पुलिया बह जाने से विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों की परेशानियां अचानक बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में वैकल्पिक मार्ग लंबा होने के साथ-साथ काफी कठिन और जोखिमभरा भी है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा क्षतिग्रस्त पुलिया का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों का आवागमन सामान्य हो सके और आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।