रांची: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को रांची के पुरुलिया रोड स्थित सेंट जेवियर कॉलेज में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त एवं सहायक नगर आयुक्त का विशेष सहयोग रहा। नगर निगम और ‘प्रिज्मोलॉइन’ के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत सैकड़ों छात्र-छात्राओं के बीच 100 फलदार पौधों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर प्रिज्मोलॉइन एवं 1/3 कंपनी एनसीसी संत जेवियर कॉलेज के द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में वक्ताओं ने पर्यावरण के गिरते स्तर और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज के समय में पेड़ सिर्फ हरियाली के लिए नहीं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व को बचाने के लिए जरूरी हैं। धरती के बढ़ते तापमान को रोकने और आने वाली पीढ़ी को शुद्ध हवा व पानी देने का एकमात्र उपाय बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करना है। यदि आज हम जागरूक नहीं हुए, तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। सेमिनार में सैकड़ों छात्र-छात्राओं को पर्यावरण को सुरक्षित रखने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं, साथ ही पर्यावरण की रक्षा के प्रति सभी विद्यार्थियों को संकल्प दिलाते हुए शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रिज्मोलॉइन के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋषभ सिंघानिया, डायरेक्टर (HR & एडमिन) स्नेहा सिंघानिया, एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट मोनिका सोनी, सेंट जेवियर कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ. फादर अजय मिंज (S.J.) और एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर कैप्टन डॉ. प्रिया श्रीवास्तव उपस्थित थे। मुख्य अतिथियों ने युवाओं से अपील की कि वे न केवल खुद पौधे लगाएं, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर सीनियर अंडर ऑफिसर दीपक कुमार, अंडर ऑफिसर ईसा सिंह मुंडा, अंडर ऑफिसर सचिन सिंह और अंडर ऑफिसर निशांत कुमार सिंह सहित एनसीसी के कई कैडेट्स और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।