रांची:देशभर के आदिवासी युवाओं, उद्यमियों और व्यापारियों को एक डिजिटल मंच पर लाने के लिए ‘आदिनिवास’ ऐप तैयार किया गया है। इस ऐप का भव्य शुभारंभ आगामी 25 मई को रांची के कांके रोड स्थित होटल ‘कॉर्टियार्ड बाई मैरियट’ में दोपहर 3:00 बजे होगा। उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किया जाएगा।
यह जानकारी शुक्रवार को रांची प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में आदिनिवास के निदेशक एरिक केरकेट्टा ने दी।
बाजार और रोजगार से जुड़ेंगे आदिवासी उद्यमी
प्रेसवार्ता के दौरान निदेशक एरिक केरकेट्टा ने बताया कि आदिवासी समाज में कई लोग व्यवसाय और व्यापार से जुड़े हैं, लेकिन सही बाजार (मार्केट लिंक) न मिलने के कारण वे आगे नहीं बढ़ पाते। ‘आदिनिवास’ ऐप इसी कमी को दूर करेगा। यह ऐप आदिवासी उद्यमियों और व्यापारियों को सीधे बाजार से जोड़ने का काम करेगा, जिससे उनके व्यवसाय को नई ऊंचाई मिलेगी।
80 विशेषज्ञ करेंगे युवाओं का मार्गदर्शन
इस ऐप का मुख्य उद्देश्य देश के सभी आदिवासी युवाओं को एक सूत्र में बांधना और उनके बीच संवाद स्थापित करना है। युवाओं को अपनी भाषा, परंपरा और संस्कृति से जोड़े रखने के लिए इसे एक मजबूत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। इसके अलावा, देश के आदिवासी बहुल राज्यों के युवाओं को सही दिशा दिखाने के लिए 80 अनुभवी विशेषज्ञों को इस मुहिम से जोड़ा गया है। ये विशेषज्ञ युवाओं को सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक सहित हर क्षेत्र में मार्गदर्शन (गाइडेंस) प्रदान करेंगे।
इस महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता के दौरान ऐप के छत्तीसगढ़ हेड अभिषेक मिंज, समाजसेवी विकास तिरकी और सामाजिक कार्यकर्ता अंशु सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
(यह रिपोर्ट झारखंड स्टेट हेड सजीत टोप्पो के इनपुट्स पर आधारित है।)