NEWS7AIR

रिनपास पर लगे आरोपों को संस्थान ने बताया निराधार, डॉ. जयति सिमलाई की नियुक्ति नियमसम्मत

रांची : रिनपास से संबंधित हाल के दिनों में विभिन्न माध्यमों में प्रकाशित समाचारों और लगाए गए आरोपों को संस्थान प्रशासन ने तथ्यहीन, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। इस संबंध में संस्थान की ओर से विस्तृत रूप से तथ्य स्पष्ट किए गए हैं।

संस्थान प्रशासन के अनुसार, सह प्राध्यापक का पद रिनपास के नियमों के तहत प्राध्यापक के समकक्ष माना जाता है। इसी आधार पर एम.डी. (मनोचिकित्सा) की योग्यता रखने वाली डॉ. जयति सिमलाई को प्रभारी निदेशक का दायित्व सौंपा गया है, जो पूरी तरह से नियमों के अनुरूप है। प्रशासन ने यह भी कहा कि डॉ. सिमलाई के प्रभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आरोपों का सामने आना संदेह पैदा करता है।

संस्थान का मानना है कि कुछ विशेष हित समूह, जिनकी गतिविधियों पर रोक लगी है, वे ही इस तरह के आरोपों के माध्यम से संस्थान की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। सोनू मुंडा प्रकरण को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया गया कि इस मामले में न्यायालय पहले ही निर्णय दे चुका है, जिसमें याचिकाकर्ता को कोई राहत नहीं मिली थी। इसके बाद डॉ. सिमलाई द्वारा मानहानि का वाद दायर किया गया है। वर्तमान में दायर की गई नई याचिका को प्रशासन ने प्रतिशोध की भावना से प्रेरित बताया है।

जैम टेंडर और मैनपावर से जुड़े आरोपों पर संस्थान ने साफ किया कि सभी वित्तीय और प्रशासनिक निर्णय निर्धारित नियमों और सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार लिए जाते हैं। गवर्नमेंट ए-मार्केटप्लेस (जैम पोर्टल) से संबंधित प्रक्रियाएं पूरी तरह पारदर्शी होती हैं। वहीं मानव संसाधन से जुड़े निर्णय समिति आधारित प्रणाली के तहत लिए जाते हैं, जिसमें स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग, जिला प्रशासन और संस्थान के आंतरिक अधिकारी शामिल होते हैं। संस्थान ने दोहराया कि कोई भी निर्णय एकल रूप से निदेशक द्वारा नहीं लिया जाता, बल्कि सभी प्रक्रियाएं सामूहिक और पारदर्शी होती हैं।

अंत में प्रशासन ने कहा कि रिनपास एक प्रतिष्ठित संस्थान है, जो मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पित है और पारदर्शिता, जवाबदेही एवं विधिसम्मत प्रशासन के सिद्धांतों पर कार्य करता है। संस्थान ने ऐसे सभी प्रयासों की कड़ी निंदा की है, जिनका उद्देश्य उसकी छवि को धूमिल करना या कार्यप्रणाली में बाधा उत्पन्न करना है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.