रांची: जिला प्रशासन और गैस कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) ने स्पष्ट किया है कि रांची जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री ने गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और आम जनता से अपील की है कि वे घबराकर अनावश्यक बुकिंग न करें।
बुकिंग के लिए 25 दिनों का अनिवार्य अंतराल
भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार, अब एक गैस बुकिंग के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग स्वीकार की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में गैस कंपनियों के सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन का काम चल रहा है, जिससे बुकिंग में कुछ तकनीकी देरी हो सकती है, लेकिन अगले कुछ दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
आपात स्थिति के लिए छोटे सिलेंडर उपलब्ध
यदि किसी उपभोक्ता को 25 दिन की अवधि से पहले गैस की सख्त जरूरत होती है, तो उनके लिए विशेष व्यवस्था की गई है:
5 लीटर के सिलेंडर: बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
आधार कार्ड से मिलेगी गैस: उपभोक्ता केवल अपना आधार कार्ड दिखाकर 5 लीटर का सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। एजेंसी जाने की जरूरत नहीं,
डिजिटल माध्यम अपनाएं
गैस कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता IVR, मोबाइल ऐप, मिस्ड कॉल या वेबसाइट के जरिए घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं। भीड़भाड़ से बचने के लिए गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई और मॉनिटरिंग कमेटी
उपायुक्त ने चेतावनी दी है कि जिले में आवश्यक वस्तु अधिनियम प्रभावी है। किसी भी परिस्थिति में गैस की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
मॉनिटरिंग कमेटी: आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक जिला स्तरीय निगरानी समिति का गठन किया गया है।
प्राथमिकता: अस्पताल, आंगनवाड़ी, अनाथालय, जेल और मिड-डे मील जैसी आवश्यक सेवाओं को बिना बाधा गैस आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं।
‘टीम रांची’ बनकर काम करने की अपील
वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर उपायुक्त ने सभी से ‘टीम इंडिया, टीम झारखंड और टीम रांची’ के रूप में काम करने का आग्रह किया है। किसी भी शिकायत के समाधान के लिए उपभोक्ता ‘अबुआ साथी’ हेल्पलाइन (9430328080) पर संपर्क कर सकते हैं।