Ranchi: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के राज भवन, राँची आगमन पर माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल महोदय ने कहा कि आपके आगमन से संपूर्ण राज भवन परिवार हर्ष एवं उत्साह से अभिभूत है।
इसके पश्चात राज्यपाल महोदय ने राष्ट्रपति महोदया से सौजन्य भेंट के क्रम में विभिन्न विषयों पर चर्चा की। राज्यपाल महोदय ने उक्त अवसर पर माननीया राष्ट्रपति महोदया को राज भवन, झारखण्ड द्वारा प्रकाशित ‘राज भवन पत्रिका’ (फरवरी, 2025-जुलाई,2025) की प्रथम प्रति भेंट की। इस पत्रिका के प्रधान संपादक राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी हैं।
उल्लेखनीय है कि आज ही के दिन राज्यपाल महोदय का झारखण्ड के राज्यपाल के रूप में एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हुआ।
पत्रिका का यह अंक राज भवन की गतिविधियों, पहलों एवं प्रयासों का संकलन है। राज भवन पत्रिका राज्यपाल महोदय की जनता के प्रति संवेदनशीलता, उच्च शिक्षा में सुधार हेतु प्रतिबद्धता और जन-कल्याण की दिशा में निरंतर प्रयासों की झलक प्रस्तुत करती है। उन्होंने राज भवन को ‘आमजन के हितों के रक्षक’ के रूप में प्रतिष्ठित किया है तथा राज भवन जन संवाद, समाधान और सेवा का केंद्र बनाने की दिशा में सक्रिय रहते हैं।
राज्यपाल महोदय ने इस अवसर पर माननीया राष्ट्रपति महोदया को एक स्मृति-चिह्न भी भेंट किया।