बिहारी महिलाओं की अस्मिता और छठ महापर्व पर अभद्र टिप्पणी के खिलाफ अपना पूर्वांचल परिवार ने कॉमेडियन यश माहेश्वरी के विरुद्ध दर्ज कराई लिखित शिकायत
महिला आयोग से स्वतः संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई करने की मांग – एडवोकेट संजीव राजपूत
नई दिल्ली: बिहारी महिलाओं की अस्मिता एवं बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान छठ महापर्व को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में अपना पूर्वांचल परिवार ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
आज अपना पूर्वांचल परिवार के अध्यक्ष श्री आकाश शर्मा ने कॉमेडियन यश माहेश्वरी के विरुद्ध संबंधित प्राधिकारी के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में अपना पूर्वांचल परिवार के कानूनी सलाहकार एडवोकेट संजीव राजपूत ने कहा कि: “हम स्वयं बिहार की मिट्टी से जुड़े हुए हैं और बिहार की संस्कृति, परंपरा तथा महिलाओं के सम्मान को अपनी अस्मिता का अभिन्न हिस्सा मानते हैं। छठ महापर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिहारी महिलाओं की गरिमा, सम्मान और छठ महापर्व की आस्था के साथ अभद्र मजाक करने का अधिकार नहीं मिल जाता।
यदि कोई कॉमेडियन हमारी बिहारी महिलाओं की अस्मिता और छठी मैया की आस्था को निशाना बनाकर आपत्तिजनक टिप्पणी करेगा, तो हम उसका जवाब पूरी मजबूती से कानूनी तरीके से देंगे। हम किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत धमकी या कानून अपने हाथ में लेने में विश्वास नहीं करते, लेकिन सामाजिक सम्मान और महिलाओं की गरिमा के सवाल पर कानूनी लड़ाई लड़ने से पीछे भी नहीं हटेंगे।”
एडवोकेट राजपूत ने आगे कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग एवं संबंधित राज्य महिला आयोग से मांग की जाती है कि इस प्रकरण का स्वतः संज्ञान (Suo Motu Cognizance) लेकर तत्काल जांच कराई जाए तथा तथ्यों के आधार पर दोषी पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाओं का सम्मान किसी भी प्रकार के मनोरंजन या हास्य का विषय नहीं हो सकता। कलाकारों और कॉमेडियनों को भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी और सार्वजनिक मंचों पर इस्तेमाल की जाने वाली भाषा की मर्यादा समझनी चाहिए।
अपना पूर्वांचल परिवार का स्पष्ट संदेश है कि बिहार की महिलाओं की गरिमा, पूर्वांचल की सांस्कृतिक पहचान और छठ महापर्व की आस्था के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस विषय पर संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।