NEWS7AIR

वैचारिक मतभेद दूर, मानवीय रिश्ते सर्वोपरि: CM हेमंत सोरेन की माता के निधन पर छात्र नेता राजेश प्रसाद ने जताया गहरा शोक

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी की माता रूपी सोरेन जी के अवसान पर राज्यभर से शोक संवेदनाओं का तांता लगा हुआ है। इसी क्रम में, छात्र नेता एवं JPSC-JSSC CGL मामले के मुख्य केसकर्ता राजेश प्रसाद ने कई छात्र साथियों के साथ मिलकर एक विशेष शोक कार्यक्रम का आयोजन किया और दिवंगत पुण्यात्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर छात्र नेता राजेश प्रसाद और उपस्थित अभ्यर्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान मिले और इस अपार दुःख की घड़ी में शोकाकुल मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवार को इस असहनीय आघात को सहन करने की शक्ति व संबल प्राप्त हो।

मीडिया और साथियों के बीच अपनी बात रखते हुए राजेश प्रसाद ने कहा, “माता का निधन किसी भी परिवार के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।” उन्होंने आगे मानवीय मूल्यों पर जोर देते हुए कहा कि अधिकार और परीक्षाओं से जुड़े वैचारिक मतभेदों या आंदोलनों से ऊपर उठकर, दुःख और संवेदना के ऐसे अवसरों पर मानवीय रिश्ते, संवेदनशीलता और आपसी सम्मान ही हमेशा सर्वोपरि होते हैं।

शोक प्रकट करने वाले झारखंड के छात्र समुदाय और JPSC-JSSC अभ्यर्थियों ने एक सुर में शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.