ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल न करने की अपील: रांची ट्रैफिक पुलिस के सड़क सुरक्षा अभियान का तीसरा दिन
रांची: शहर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों को जागरूक करने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रांची के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में चल रहे 7 दिवसीय सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान के तीसरे दिन आज शहर के विभिन्न हिस्सों और रिंग रोड पर “ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग नहीं” थीम के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
यह अभियान शहर के कुल 11 महत्वपूर्ण स्थानों पर चलाया गया, जिसमें किशोरी यादव चौक, काठीटांड़ चौक, पिस्का मोड़, राजेंद्र चौक, पटेल चौक, कर्बला चौक, बहू बाजार, पुराना विधानसभा कटिंग, जी.जी.पी.एस. स्कूल और डॉन बॉस्को स्कूल जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल रहे। अभियान के दौरान पुराना विधानसभा के पास खुद पुलिस अधीक्षक (यातायात) मौजूद रहे और उन्होंने वाहन चालकों तथा आम लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी।
इस अभियान के तहत ट्रक, कार, ऑटो, टोटो और दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ अभिभावकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान लगभग 1150 लोगों को नियमों का पालन करने की सीख दी गई। लोगों को ड्राइविंग के समय मोबाइल का उपयोग न करने, सीट बेल्ट और हेलमेट लगाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, तेज गति से वाहन न चलाने, तय क्षमता से अधिक यात्री न बैठाने और नाबालिगों को वाहन न देने की विशेष जानकारी दी गई।
रांची यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों और अभिभावकों से विनम्र अपील की है कि वे दुर्घटनाओं से बचने और सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें और अपने परिवार व बच्चों को भी इसके प्रति जागरूक करें।