नशा मुक्त युवा से ही बनेगा भारत विश्वगुरु: हरमू रोड ब्रह्माकुमारी केंद्र में “SUKHAM 100” अभियान का शंखनाद
राँची: युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय (भारत सरकार) एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग राजयोग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘मेरा भारत झारखंड’ की ओर से स्थानीय ब्रह्माकुमारी केन्द्र (चौधरी बगान, हरमू रोड) में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” 100 रविवार संकल्प अभियान के अंतर्गत “SUKHAM 100” कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर कर एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण करना है।
नशामुक्त युवा ही देश को ले जाएंगे आगे: ललिता कुमारी
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं ‘मेरा भारत, झारखंड’ की राज्य निदेशक ललिता कुमारी ने युवाओं को जागरूक करते हुए कहा कि आज के समय में युवाओं में नशामुक्ति, बेहतर स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली को लेकर जागरूकता फैलाना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने कहा, “नशामुक्ति के लिए ब्रह्माकुमारीज द्वारा सिखाया जाने वाला राजयोग का अभ्यास एक अचूक उपाय है। जब देश का युवा नशे से मुक्त होगा, तभी भारत आगे बढ़ेगा और पुनः विश्वगुरु के पद पर आसीन होगा।”
नशा आज के युवाओं के लिए गंभीर चुनौती: गौरव अग्रवाल
‘मेरा भारत, झारखंड’ के यश आइकॉन गौरव अग्रवाल ने विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी छात्र का उज्ज्वल भविष्य उसके उत्तम संस्कारों और स्वस्थ जीवनशैली पर निर्भर करता है। वर्तमान समय में नशा हमारी युवा पीढ़ी के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर खड़ा है, जिससे मिलकर लड़ना होगा।
संसार का प्रकाश है युवा शक्ति: चार्ल्स बोदरा
लेखा अधिकारी चार्ल्स बोदरा ने कहा कि युवा शक्ति केवल अपने प्रति ही नहीं, बल्कि समाज, देश और पूरे विश्व के प्रति ज़िम्मेदार है। युवा इस संसार का प्रकाश हैं और आज उस प्रकाश को चारों ओर फैलाने की सबसे ज़्यादा ज़रूरत है। उन्होंने युवाओं को त्याग का महत्व समझाते हुए स्वच्छ और व्यसनमुक्त जीवन जीने की कला पर ज़ोर दिया।
220 करोड़ की इस अनमोल ‘शरीर रूपी गाड़ी’ को कचरा डिब्बा न बनाएं: बीके निर्मला
केन्द्र संचालिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने बेहद मार्मिक अंदाज़ में शरीर की अहमियत समझाई। उन्होंने कहा, “परमपिता परमात्मा ने हमें बिना किसी भेदभाव के यह लाजवाब शरीर रूपी गाड़ी उपहार में दी है। वैज्ञानिकों के अनुसार इस मानव शरीर की कीमत कम से कम 220 करोड़ रुपये है। शरीर का एक भी अंग खराब होने पर लाखों खर्च हो जाते हैं। लेकिन अफ़सोस, हम इस अनमोल उपहार के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करने के बजाय, नशे के ज़रिए इसे कचरे का डिब्बा बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते।”
निर्मला बहन ने आगे कहा कि आज समाज में हर तरह की महंगाई का असली कारण ‘चरित्र की महंगाई’ (चरित्र का पतन) है। अगर युवा अपने चरित्र को श्रेष्ठ बना लें, तो समाज की सभी बुराइयाँ स्वतः दूर हो जाएँगी और एक सुखी समाज की स्थापना होगी।
सैकड़ों युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
इस कार्यक्रम में राँची और आसपास के इलाकों से भारी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। सभी उपस्थित युवाओं ने जीवन में कभी नशा न करने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में सभी को राजयोग का अभ्यास कराया गया और संस्था की ओर से ईश्वरीय सौगात भेंट की गई।
निःशुल्क राजयोग शिविर की जानकारी:
हरमू रोड स्थित ब्रह्माकुमारी केंद्र पर मानवता की सेवा के लिए प्रतिदिन निःशुल्क राजयोग का अभ्यास कराया जाता है। इच्छुक लोग नीचे दिए गए समय पर केंद्र का लाभ उठा सकते हैं:
* स्थान: ब्रह्माकुमारी केन्द्र, चौधरी बगान, हरमू रोड, राँची।
* समय: प्रातः 7:30 से 10:30 बजे तक एवं संध्या 3:30 से 6:30 बजे तक।