NEWS7AIR

रांची विश्वविद्यालय में NSS का 57वां स्थापना दिवस मनाया गया

500 से अधिक स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा, नशामुक्ति का संकल्प; उत्कृष्ट स्वयंसेवक एवं कार्यक्रम पदाधिकारी सम्मानित

रांची: रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का 57वां स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से 500 से अधिक NSS स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि NSS केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा, संवेदना, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक आवश्यकताओं से जुड़कर कार्य करने वाला युवा ही राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दे सकता है। उन्होंने NSS स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वे सेवा-भाव को अपने जीवन का संस्कार बनाएं और स्वस्थ, जागरूक, नशामुक्त एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री दीपक कुमार, एडवाइजर, स्टूडेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम, BIT मेसरा एवं पूर्व क्षेत्रीय निदेशक, NSS थे। श्री सी.पी. सिंह, विधायक, रांची; प्रो. सुदेश कुमार साहू, DSW, रांची विश्वविद्यालय. डॉ. विकास कुमार, निदेशक, एस्टेट एवं फैसिलिटी मैनेजमेंट, रांची विश्वविद्यालय तथा डॉ. मुकुंद चंद्र मेहता, विभागाध्यक्ष, वाणिज्य विभाग, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्रीमती कुमारी ललिता, स्टेट MY Bharat डायरेक्टर सह SNO NSS, झारखंड; तथा डॉ. किशोर सुरिन, कार्यक्रम समन्वयक, NSS, रांची विश्वविद्यालय सहित विभिन्न महाविद्यालयों के कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत एकता रैली से हुई। इसके पश्चात NSS ध्वजारोहण एवं लक्ष्य गीत के माध्यम से सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को अभिव्यक्त किया गया। वक्ताओं ने NSS स्वयंसेवकों द्वारा समाजसेवा, जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

समारोह में भारतीय संस्कृति एवं परंपरा को दर्शाने वाले विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। युवाओं को नशे से दूर रखने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान NSS के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। NIC, RDC, Pre-RD, विश्वविद्यालय स्तर के सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक एवं सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम पदाधिकारी सहित विभिन्न उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किए गए।

समारोह ने युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और सुदृढ़ किया तथा यह संदेश दिया कि युवा शक्ति जब सेवा और संवेदना से जुड़ती है, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मजबूत आधार बनती है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.