रांची: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर और रांची पशु चिकित्सा महाविद्यालय के एक्वाकल्चर विभाग के अध्यक्ष डॉ अखिलेश कुमार सिंह का शुक्रवार (25 सितंबर) को अपराह्न कोलकाता में निधन हो गया। उनकी उम्र लगभग 63 वर्ष थी।
वह पिछले कुछ अरसा से अस्वस्थ थे और कोलकाता में इलाजरत थे। वह झारखंड में मात्स्यिकी विज्ञान के एकमात्र स्थायी शिक्षक और प्रोफेसर थे।
आईसीएआर के सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ़ फिशरीज एजुकेशन, मुंबई से मास्टर डिग्री करने के बाद उन्होंने वर्ष 1991 में आरवीसी के पशु उत्पादन एवं प्रबंधन विभाग में सहायक प्राध्यापक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। उनके प्रयासों से आरवीसी में अलग एक्वाकल्चर विभाग की स्थापना हुई और वहां डिप्लोमा एवं प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम प्रारंभ हुआ। उन्हीं की पहल पर गुमला में मात्सियकी विज्ञान महाविद्यालय की स्थापना हुई जिसके संस्थापक एसोसिएट डीन के रूप में उन्होंने कई वर्ष कार्य किया। डॉ सिंह ने मछली पालन और मात्स्यिकी विज्ञान पर आधा दर्जन से अधिक पुस्तकें लिखी तथा कई शोध परियोजनाओं के प्रधान अन्वेषक रहे।
उनका पार्थिव शरीर कोलकाता से अरसंडे, कांके स्थित उनके निवास पर लाया जा रहा है।
उनके निधन पर विश्वविद्यालय परिवार ने गहरा दुख व्यक्त किया है।