रांची: सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता शैलेश कुमार सिन्हा ने देश और राज्य में जारी आंदोलनकारी राजनीति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में जन सरोकारों से भटकाने का एक नया ट्रेंड चल पड़ा है। राजनीतिक दल किसी भी मुद्दे पर आंदोलन खड़ा कर बहस तो छेड़ देते हैं, लेकिन आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान करने के बजाय मूल मुद्दे को ही गायब कर देते हैं। जनता की कई ज्वलंत समस्याएं आज इसी राजनीति की भेंट चढ़ चुकी हैं।
शैलेश सिन्हा ने रांची नगर निगम का ताजा उदाहरण देते हुए कहा कि चुनाव बीते लंबा वक्त हो गया है, लेकिन आज भी किसी वार्ड में सड़कों की स्थिति नहीं सुधरी। दलगत आरोप-प्रत्यारोप के जाल में सिर्फ आम जनता पिस रही है। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज सभी को सिर्फ राजगद्दी चाहिए, जनता चाहे कितनी भी कष्टपूर्ण जिंदगी जिए, उससे किसी को फर्क नहीं पड़ता। न तो नगर निगम प्रशासन को इसकी फिक्र है और न ही सरकार को। स्थिति इतनी बदतर है कि वार्ड पार्षदों की बिसात ही क्या, वे खुद अपनी बेबसी पर रो रहे हैं। ऐसे में जनता के पास अब केवल एक ही रास्ता बचता है कि वह संगठित हो और अपने बलबूते अपने हक की लड़ाई खुद लड़े।