NEWS7AIR

विश्व मैंग्रोव दिवस पर बहेरा गांव में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प

चतरा: विश्व मैंग्रोव दिवस के अवसर पर चतरा जिले के पथलगड्डा प्रखंड अंतर्गत मेराल पंचायत के आदिवासी बहुल बहेरा गांव में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एचडीएफसी बैंक परिवर्तन के सहयोग से सपोर्ट संस्था द्वारा संचालित एचआरडीपी (HRDP) परियोजना के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना तथा ग्रामीणों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मेराल पंचायत की मुखिया श्रीमती नीतू देवी एवं ग्रामीणों द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इसके उपरांत सभी उपस्थित ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं एवं युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर एचआरडीपी परियोजना के विशेषज्ञ अक्षय आनंद पाठक ने विश्व मैंग्रोव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मैंग्रोव पारिस्थितिकी तंत्र पृथ्वी के सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधनों में से एक है। यह समुद्री तटों की सुरक्षा, जैव विविधता के संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि यद्यपि झारखंड में मैंग्रोव वन नहीं पाए जाते, फिर भी इस दिवस का मूल उद्देश्य प्रकृति संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल करे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके।

मुखिया श्रीमती नीतू देवी ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, वर्षा संतुलन तथा स्वस्थ जीवन के लिए वृक्षों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से पौधारोपण को जन-आंदोलन बनाने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल की सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को “मैंग्रोवों की रक्षा करें, भावी पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करें” विषय के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सपोर्ट संस्था के भोला बांडू, उमेश प्रसाद, कर्मी हस्सा, एतवा मुंडा, सुमी नाग, राहुल रविदास, सेनी देवी, बबलु मुण्डा, सोमा मुण्डा, संजय टूटी, बोबी कुमारी, ताडो मुण्डा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूह के सदस्य एवं युवा उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.