Ranchi: आदिवासी मूलवासी समाज समुदाय के सैकड़ों लोगों ने आज डोमिसाइल आंदोलन में शहीद हुए कैलाश कुजूर विनय तिग्गा और संतोष कुंकल को मेकन कोलोनी स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि श्रद्धासुमन अर्पित किया.
श्रद्धांजलि श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए बंधू तिर्की ने कहा कि एक बार फिर आदिवासी मूलवासी समाज समुदाय को झारखंड के अस्तित्व पहचान पंरपरा और ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करने की आवश्यकता है.
बंधू तिर्की ने डोमिसाइल आंदोलन की इतिहास की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि शहीदों के अरमानों को धरातल पर हमलोग पूरी तरह नहीं उतार सके हैं.यह झारखंडियों की कमी है. उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि जल्द ही शहीद स्मारक समिति का पुनर्गठन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि शहीद स्थल में डोमिसाइल आंदोलन में शामिल शहीदों के सम्मान में एक पारंपरिक शहीद जतरा का आयोजन किया जाएगा ताकि आनेवाली पीढ़ियों को जानकारी दी जा सके. उन्होंने एसआईआर को प्रमुखता से पुरा करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया.
बंधू तिर्की ने कहा कि एजी मोड़ से कडरु रेलवे ब्रीज का वर्षों पहले से सड़क का नाम शहीद संचू उरांव के नाम से नामकरण किया गया था. जल्द ही एजी मोड़ में संचू उरांव पथ का बोर्ड लगाया जायेगा!
पूर्व टीएसी सदस्य और झारखंड आंदोलनकारी रतन तिर्की ने कहा कि भाषा आंदोलन डोमिसाइल आंदोलन का प्रमुख मुद्दा था.उन्होने कहा कि झारखंड के सभी सरकारी स्कूलों और निजी स्कूलों में प्राइमरी स्तर पर झाड़खंड की जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं से पढ़ाई शुरू किया जाना चाहिए.
रतन तिर्की ने कहा कि जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं की कम से कम एक भाषा की पढ़ाई अनिवार्य रूप स्कूलों और कालेजों में की जानी चाहिए। रतन तिर्की ने कहा कि झारखंड में खतियानी आदिवासियों और गैर आदिवासी खतियानी झाड़खंडियों को एकजुट होकर अपने समाज समुदाय को बचाने के लिए आगे आना होगा.
आदिवासी मूलवासी जनाधिकार मंच के अगुआ विजय शंकर नायक ने कहा कि शहीदों के बलिदान को राजकीय सम्मान देने का समय आ गया है और इसकी मांग पहले से ही की जाती रही है। उन्होंने कहा आदिवासी मूलवासी समाज समुदाय के नाम पर राजनीति सभी करते हैं पर दुर्भाग्यवश आज २६ सालों बाद भी झारखंड में झारखंडी कौन और स्थानीय निवासी और नीति तय नहीं की जा सकी है.उन्होंने स्थानीय नीति तय करने की मांग की.
मौके पर पूर्व पार्षद सविता कुजूर, केन्द्रीय सरना समिति के राज्य अध्यक्ष शिवा कच्छप, पूर्व मेयर प्रत्याशी प्रवीण कच्छप, बेलस तिर्की, सुनील शाहदेव, जस्मीन कच्छप, पार्षद युवा नेत्री शिखा कुजूर, राजेश कच्छप, ज़लील अंसारी,दीपक एक्का एवं अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि श्रद्धासुमन अर्पित किया.