Ranchi: पेपर लीक, एनटीए को भंग कर पारदर्शी एवं जवाबदेह परीक्षा व्यवस्था लागू करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के देशव्यापी आह्वान पर आज रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रतिवाद दिवस आयोजित किया गया।
आइसा झारखंड राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस का लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है। उन्होंने दमन के जिम्मेदार पुलिस अधिकारी को तत्काल बर्खास्त कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
रांची जिला अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि छात्रों पर हुए दमन के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को जवाबदेह बनते हुए छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
जिला सचिव संजना मेहता ने कहा कि लाठीचार्ज के दौरान कई पुलिसकर्मी बिना नेम प्लेट के मौजूद थे, जो नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में राकेश बड़ाइक, नंदिता भट्टाचार्य, आकाश रंजन, नौरीन अख्तर, शिव उरांव, सुहानी मेहता, शालीन कुमार, सौरभ बेदिया, ओवेद, अंकित सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा उपस्थित थे।