NEWS7AIR

नगड़ी में दिनदहाड़े ज्वेलर्स से लाखों के आभूषण की चोरी, स्वर्ण व्यवसायियों में आक्रोश

रांची: राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित नारो बाजार टांड़ में रविवार सुबह दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए अज्ञात अपराधी लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, राधे कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक अमित कुमार सोनी प्रतिदिन की तरह सुबह लगभग 10 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। वे अपनी बाइक की डिक्की में दुकान के लिए सोने-चांदी के आभूषण लेकर आए थे। जैसे ही उन्होंने दुकान के बाहर बाइक खड़ी कर ताला खोलना शुरू किया, उसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी पहुंचे और कुछ ही सेकंड में बाइक की डिक्की तोड़कर आभूषणों से भरा बैग लेकर पिस्का रेलवे फाटक की ओर फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले अपराधी मौके से निकल चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए अपराधियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (रजि.) झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी के नेतृत्व में संगठन का प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित व्यवसायी से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली तथा इसके बाद नगड़ी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की। इस दौरान अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी, चोरी गए आभूषणों की बरामदगी तथा स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।

प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी ने कहा कि राज्य में स्वर्ण व्यवसायियों के विरुद्ध लगातार हो रही चोरी, लूट एवं डकैती की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में रांची महानगर महामंत्री त्रिभुवन प्रसाद, प्रदेश महामंत्री मनोज सोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश प्रसाद सोनी, पुरुषोत्तम सोनी, बबलू सोनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय स्वर्ण व्यवसायी उपस्थित थे।

इस संबंध में जानकारी अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (रजि.) झारखंड के प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील पोद्दार ने दी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.