रांची: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को रांची पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में व्यापक फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में निकाले गए इस मार्च का मकसद आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखना रहा।
फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक से शुरू होकर सुजाता चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, पथलकुदवा, चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद, लालपुर, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, कोतवाली समेत कई प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। वहीं बाइक दस्ते के साथ लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, चुटिया, डोरंडा, सदर और बरियातू थाना क्षेत्रों में भी गश्त की गई।
इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर) स्वयं मौजूद रहे। फ्लैग मार्च में स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी, बड़ी संख्या में पुलिस बल तथा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की एक कंपनी भी शामिल रही।
अधिकारियों ने जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रूप से ब्रीफ किया गया।
रांची पुलिस ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान शहर में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च निकाले गए हैं