NEWS7AIR

स्थापना दिवस समारोह टाला जाना शहीदों का अपमान : प्रवीण प्रभाकर

Ranchi: आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर ने कहा है और झामुमो ने 1993 में कांग्रेस सरकार को जीवनदान देने के लिए सौदेबाजी कर अलग राज्य नहीं बनने दिया, और अब स्थापना दिवस समारोह में बदलाव कर शहीदों का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजसू के संघर्ष से झारखंड मिला है। 1993 में झामुमो सौदेबाजी नहीं करता तो उसी समय अलग राज्य बन जाता।

श्री प्रभाकर ने कहा कि राज्य के निर्माण में आजसू की ऐतिहासिक भूमिका रही है, क्योंकि आजसू के छात्रों–युवाओं के उग्र आंदोलन के कारण ही केंद्र सरकार ने वार्ता का द्वार खोला। आजसू ने बिखरे हुए आंदोलन को नई धार, आक्रामक ऊर्जा और निर्णायक नेतृत्व प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि आर्थिक नाकेबंदी, चक्का जाम, जेल भरो अभियान और छात्र-युवाओं की ऐतिहासिक गोलबंदी के माध्यम से आजसू के हजारों कार्यकर्ताओं ने लाठियां खाईं, जेल की यातनाएं सहीं और अपने प्राणों की आहुति दी, तब जाकर 15 नवंबर 2000 को अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ।

श्री प्रभाकर ने कहा कि 15 नवंबर केवल एक कैलेंडर की तारीख नहीं है, बल्कि यह धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और करोड़ों झारखंडवासियों के दशकों लंबे संघर्ष, त्याग और शहादत की अमर गाथा का प्रतीक है। समारोह की तिथि में मनमाना बदलाव करना झारखंड की गौरवशाली अस्मिता और वीर शहीदों की विरासत के साथ सीधा खिलवाड़ है।

श्री प्रभाकर ने कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबी सरकार अपनी प्रशासनिक विफलताओं और वादाखिलाफी को छिपाने के लिए राज्य स्थापना दिवस की मूल भावना और तिथि से छेड़छाड़ कर रही है।

उन्होंने कहा कि झारखंड के इतिहास और जनभावनाओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.