NEWS7AIR

भारतीय रिज़र्व बैंक, राँची द्वारा “एमएसएमई दिवस” के उपलक्ष्य पर विशेष एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन

Ranchi: एमएसएमई दिवस के अवसर पर भारतीय रिज़र्व बैंक, राँची कार्यालय द्वारा दिनांक 23 जून 2026 को राँची में विशेष एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. शैलजा सिंह, महाप्रबंधक, भारतीय रिज़र्व बैंक, केंद्रीय कार्यालय, मुंबई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। महाप्रबंधक, भारतीय रिज़र्व बैंक ने अपने सम्बोधन में देश के सकल घरैलू उत्पाद (जीडीपी), निर्यात और रोजगार में एमएसएमई क्षेत्र के योगदान पर प्रकाश डाला।

उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि हमारे देश में एमएसएमई क्षेत्र एक सशक्त और सुदृढ़ राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के निर्माण के साथ-साथ रोजगार सृजन एवं लोगों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण योगदान करता है । इस मौके पर उन्होंने बैंकों एवं अन्य हितधारकों को यह बताया कि एमएसएमई क्षेत्र पर भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा जारी नये दिशा निर्देश के तहत सूक्ष्म एवं लघु इकाईयों (एमएसई) को 25 लाख रुपये तक के ऋण के लिए बैंकों हेतु ऋण निर्णय की समयसीमा 14 कार्य दिवस कर दी गयी है। उन्होंने सभी बैंकों से उक्त दिशानिर्देश का पालन सुनिश्चित करने एवं निर्धारित समय सीमा के अंदर ऋण निर्णय लेने का आह्वान किया ।

कार्यक्रम के दौरान उप महाप्रबंधक, भारतीय रिज़र्व बैंक, राँची कार्यालय ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुये बताया कि एमएसएमई क्षेत्र रोज़गार सृजन, उद्यमिता विकास, निर्यात संवर्धन तथा क्षेत्रीय आर्थिक संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। अपने संबोधन में, उन्होंने यह रेखांकित किया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य के एमएसएमई क्षेत्र में बकाया ऋण ₹50,000 करोड़ के स्तर को पार कर 31 मार्च 2026 तक ₹51,020 करोड़ तक पहुँच गया है, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

साथ ही, उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि सीखने, नेटवर्किंग, अनुभव साझा करने तथा एमएसएमई क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए भारतीय रिज़र्व बैंक, राँची, एमएसएमई-डीएफओ एवं भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी द्वारा सत्र भी लिया गया। साथ ही, इस अवसर पर कुछ उद्यमियों द्वारा अपनी उद्यमिता की यात्रा, संघर्ष एवं सफलता के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया गया जिसे कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागी बहुत ही प्रेरित हुये।

इस मौके पर महाप्रबंधक, नाबार्ड, राँची; उप महाप्रबंधक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति; उप महाप्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया, उप महाप्रबंधक, इंडियन बैंक ने भी अपने विचार रखे। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, राँची; जिला विकास अधिकारी, नाबार्ड; बैंक ऑफ इण्डिया, भारतीय स्टेट बैंक, यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया एवं अन्य बैंकों के शाखा प्रबन्धक भी शामिल हुए। उक्त कार्यक्रम में बैंकों तथा जिले एवं राज्य के अन्य कई उद्यमियों द्वारा अपना उत्पाद प्रदर्शन स्टाल भी लगाये गये ।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.