कारगिल विजय दिवस: वेटेरण ऑर्गनाइजेशन ऑफ झारखंड ने राज्यपाल को दिया आमंत्रण, पूर्व सैनिकों की मांगों पर मिला आश्वासन
रांची:वेटेरण ऑर्गनाइजेशन ऑफ झारखंड (आर्मी, एयरफोर्स और नेवी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संगठन ने राज्यपाल महोदय को आगामी 26 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘कारगिल विजय दिवस’ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का ससम्मान निमंत्रण दिया। राज्यपाल ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार कर लिया है। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़ी कई गंभीर और लंबित समस्याओं को महामहिम के समक्ष रखा।
पूर्व सैनिकों की मुख्य मांगें:
* १०% आरक्षण: राज्य सरकार की नौकरियों में पूर्व सैनिकों को १० प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाए।
* सम्मान राशि में वृद्धि: शहीद परिवारों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को १० लाख रुपये से बढ़ाकर ५० लाख रुपये किया जाए।
* आदर्श ग्राम का निर्माण: परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का के पैतृक गांव जारी और सेमरा (इटकी ग्राम) को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाए।
* आवास योजना: झारखंड के पूर्व सैनिकों के लिए एक विशेष आवास योजना शुरू हो, जहां एक ही छत के नीचे सभी बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
राज्यपाल का आश्वासन:
महामहिम राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने पूर्व सैनिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे इन मांगों की एक प्रतिलिपि माननीय मुख्यमंत्री को भी भेजें, ताकि राज्य सरकार के स्तर पर इस पर जल्द से जल्द उचित और सकारात्मक कार्रवाई की जा सके।
इस गरिमामयी मुलाकात में वेटेरण ऑर्गनाइजेशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष श्री मुकेश कुमार, सचिव श्री एम. पी. सिन्हा और कोषाध्यक्ष श्री योगेन्द्र प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे।