रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं झारखंड के सह प्रभारी डॉ. प्रसाद सिरिवेला की पूज्य माताजी श्रीमती सिरिवेला सुनीता जॉन प्रसाद का निधन हो गया है। उनके निधन पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गहरा दुःख प्रकट करते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्रीमती सुनीता जॉन प्रसाद जी एक समर्पित, कर्मनिष्ठ एवं आदर्श शिक्षिका थीं। उन्होंने शिक्षा, संस्कार और सेवा के माध्यम से समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने अपने जीवनकाल में अनेक विद्यार्थियों के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान की। उनका जीवन समाज सेवा, नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का एक उत्कृष्ट उदाहरण था।
प्रदेश अध्यक्ष ने डॉ. प्रसाद सिरिवेला के साथ अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए कहा कि डॉ. सिरिवेला अक्सर अपने सार्वजनिक संबोधनों में अपनी माताजी द्वारा दिए गए जीवन मूल्यों, आदर्शों एवं प्रेरणादायक शिक्षाओं का उल्लेख करते थे। यह सीख उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उनकी माताजी का जाना न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि उन्हें जानने वाले सभी लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
केशव महतो कमलेश ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य, साहस और संबल प्रदान करने की कामना करते हुए कहा, “ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा समस्त शोक संतप्त परिवारजनों एवं शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
माताजी के निधन पर प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और प्रवक्ताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, सतीश पौल मुंजनी, अभिलाष साहू, राकेश सिन्हा, किशोर शाहदेव, गजेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति, कमल ठाकुर, केदार पासवान, राजन वर्मा, निरंजन पासवान, ऋषिकेश सिंह, सुनील सिंह और उज्जवल तिवारी शामिल हैं। सभी नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।