राँची: झारखण्ड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने शुक्रवार को राज्य की पुलिस व्यवस्था में व्यापक बदलाव करते हुए 46 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों की अधिसूचना जारी की है। 17 अप्रैल 2026 को जारी इस अधिसूचना के तहत कई जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) बदल दिए गए हैं और कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं।
प्रमुख वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले
* मनोज कौशिक: इन्हें अपराध अनुसंधान विभाग (CID) के अपर पुलिस महानिदेशक के साथ-साथ मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है
* पंकज कम्बोज: झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक के साथ अब मानवाधिकार आईजी (IG) का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे
* नरेन्द्र कुमार सिंह: इन्हें अभियान (Operations) का नया आईजी नियुक्त किया गया है, साथ ही वे पलामू आईजी के प्रभार में भी रहेंगे
* सुनील भाष्कर: बोकारो आईजी से स्थानांतरित कर इन्हें झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP) राँची का आईजी बनाया गया है
इन जिलों को मिले नए पुलिस कप्तान (SP)
अधिसूचना के अनुसार राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की तैनाती की गई है:
* देवघर: प्रवीण पुष्कर
* बोकारो: नाथू सिंह मीणा
* हजारीबाग: अमन कुमार
* चतरा: अनिमेष नैथानी
* गढ़वा: आशुतोष शेखर
* पाकुड़: अनुदीप सिंह
* रामगढ़: मुकेश कुमार लुनायत
* खूँटी: ऋषभ गर्ग
* कोडरमा: कुमार शिवाशीष
* जामताड़ा: शम्भू कुमार सिंह
अन्य महत्वपूर्ण बदलाव
सरकार ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की है, जिसमें अजय कुमार और सुमित कुमार अग्रवाल को पुलिस अधीक्षक के पद पर भेजा गया है। इसके अलावा, कई प्रशिक्षु और सहायक पुलिस अधीक्षकों को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के रूप में विभिन्न क्षेत्रों जैसे चक्रधरपुर, हुसैनाबाद और पतरातू में नई जिम्मेदारी दी गई है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और सभी अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर जल्द योगदान देने का निर्देश दिया गया है ।