NEWS7AIR

स्कूल खुलने एवं छुट्टी के समय रांची के सभी प्रमुख शैक्षणिक क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए : अजय राय

छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, स्कूलों के आसपास मनचलों और रोड रोमियो पर पुलिस रखे कड़ी नजर

रांची: झारखंड पैरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से मांग की है कि राजधानी रांची में स्कूल खुलने एवं छुट्टी होने के समय विशेष पुलिस गश्ती की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अजय राय ने कहा कि रांची शहर के विभिन्न इलाकों में स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं के साथ मनचलों एवं रोड रोमियो द्वारा पीछा करने, अशोभनीय टिप्पणी करने, फब्तियां कसने तथा छेड़खानी जैसी घटनाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। यह स्थिति छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि बेटियां बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए घर से स्कूल निकलती हैं, लेकिन यदि रास्ते में उन्हें असुरक्षा, डर और छेड़खानी का सामना करना पड़े तो यह बेहद चिंताजनक है। किसी भी छात्रा को शिक्षा प्राप्त करने के लिए भय के माहौल से गुजरना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है।

अजय राय ने SSP से विशेष रूप से निम्नलिखित मांगें की हैं :

1. रांची शहर के सभी प्रमुख स्कूलों के आसपास सुबह स्कूल खुलने और दोपहर अथवा शाम को छुट्टी के समय नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित की जाए।
2. लालपुर, डोरंडा, हरमू, अरगोड़ा, रातू रोड, बरियातू, कांके रोड, मोरहाबादी, मेन रोड, धुर्वा, हटिया, कोकर सहित शहर के विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
3. स्कूलों के आसपास सादे लिबास में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि छात्राओं को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
4. स्कूलों के आसपास अनावश्यक रूप से बाइक लेकर खड़े रहने वाले तथा छात्राओं का पीछा करने वाले संदिग्ध युवकों की जांच की जाए।
5. स्कूल प्रबंधन और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था हो।
6. संवेदनशील स्कूल मार्गों एवं चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित की जाए।

अजय राय ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा केवल पुलिस या स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजते समय उनकी सुरक्षा को लेकर आश्वस्त रहना चाहते हैं। पुलिस प्रशासन की सक्रियता से असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा होगा और छात्राएं निर्भीक होकर अपनी शिक्षा जारी रख सकेंगी।

उन्होंने रांची के SSP से आग्रह किया कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष पुलिस गश्ती अभियान शुरू किया जाए तथा स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए।

झारखंड पैरेंट्स एसोसिएशन की स्पष्ट मांग है कि रांची की हर बेटी को सुरक्षित माहौल मिले। बेटियों की शिक्षा, सम्मान और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.