NEWS7AIR

राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह के लिए झारखंड के राज्यपाल को दिया गया निमंत्रण

रांची: राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस 2026 एवं भगवान बिरसा मुंडा राष्ट्रीय सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए झारखंड के राज्यपाल को आमंत्रित किया गया। आधुनिक इंडिया फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रीय समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

आधुनिक इंडिया फाउंडेशन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा राष्ट्रीय सम्मान समारोह 15 नवंबर 2026, रविवार को नई दिल्ली स्थित लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के स्वर्ण जयंती सभागार में सुबह 9:30 बजे से आयोजित होगा। समारोह में देशभर से जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विशिष्ट अतिथियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों के शामिल होने की संभावना है।

समारोह का मुख्य उद्देश्य भारत की समृद्ध जनजातीय विरासत, संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान को सम्मान देना है।

इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और स्वशासन के विचारों को याद किया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका जीवन और संघर्ष आज भी जनजातीय समाज के साथ-साथ पूरे देश के लोगों को प्रेरित करता है।

आधुनिक इंडिया फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद, कौशल विकास, संस्कृति और सामुदायिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्य करने के उद्देश्य से सक्रिय है। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह जनजातीय समाज की पहचान, सम्मान और उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का एक प्रयास है।

मुलाकात करने वालों में आधुनिक इंडिया फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीके चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद उरांव, रांची की महिला नेत्री निरंजना हेरेंज टोप्पो, सीआरपीएफ के पूर्व आईजी वीरेंद्र टोप्पो, समाजसेवी राजश्री रानी भगत, सामाजिक कार्यकर्ता बबलू उरांव और सामाजिक कार्यकर्ता कमलचंद किस्पोट्टा शामिल थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.