NEWS7AIR

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में काउंसलिंग इंटर्न के चार पदों पर भर्ती, मानदेय 30 हजार रुपये*

मनोविज्ञान में पोस्टग्रेजुएट उम्मीदवार 15 नवंबर 2026 शाम छह बजे तक कर सकते हैं आवेदन

धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (इंडियन स्कूल ऑफ माइन्स), धनबाद (आईआईटी आईएसएम) ने काउंसलिंग इंटर्न के चार पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। विज्ञापन संख्या 411002/2/2026-Estt. के अनुसार नियुक्ति कॉन्ट्रैक्ट पर होगी और चयनित उम्मीदवारों को 30,000 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष है।

आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 शाम छह बजे है। चयन 18 नवंबर 2026 को होने वाले इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।

योग्यता और अनुभव

उम्मीदवार के पास क्लिनिकल साइकोलॉजी में मास्टर डिग्री होनी चाहिए। साइकोलॉजी में मास्टर डिग्री के साथ क्लिनिकल साइकोलॉजी का कम से कम एक पेपर पढ़ने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। डिग्री विज्ञापन जारी होने की तारीख से पिछले दो वर्षों के भीतर प्राप्त की गई होनी चाहिए।

काउंसलिंग या मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र का अनुभव, विशेषकर शैक्षणिक संस्थान या काउंसलिंग सेंटर में काम करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए।

जिम्मेदारियां और सेवा शर्तें

काउंसलिंग इंटर्न विद्यार्थियों को तनाव, चिंता, पढ़ाई के दबाव, नए माहौल में समायोजन और व्यक्तिगत समस्याओं से निपटने में सहायता देंगे। उनकी जिम्मेदारियों में व्यक्तिगत और समूह काउंसलिंग, जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन सत्र, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और गंभीर मामलों को विशेषज्ञों तक पहुंचाना शामिल होगा। विद्यार्थियों से जुड़े रिकॉर्ड गोपनीय रखना होगा।

नियुक्ति एक वर्ष के लिए होगी, जिसे संतोषजनक प्रदर्शन और संस्थान की आवश्यकता पर एक वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। विस्तार की स्थिति में मानदेय में सालाना तीन प्रतिशत वृद्धि होगी। इसके अलावा कोई भत्ता या अतिरिक्त सुविधा नहीं मिलेगी।

उम्मीदवारों को सप्ताह में छह दिन और कुल 48 घंटे काम करना होगा। आवश्यकता पड़ने पर छुट्टियों या तय समय से अधिक काम करना पड़ सकता है, जिसके लिए अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जाएगा। यह नियुक्ति स्थायी नौकरी का अधिकार नहीं देगी।

आवेदन प्रक्रिया

उम्मीदवार निर्धारित फॉर्म, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, मार्कशीट, डिग्री और अनुभव प्रमाणपत्रों की सेल्फ-अटेस्टेड प्रतियां एक पीडीएफ फाइल में recruitment_nonfaculty@iitism.ac.in पर भेजें। आवेदन में सही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी देना अनिवार्य है।

इंटरव्यू 18 नवंबर 2026 को सुबह नौ बजे आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के हेल्थ सेंटर में होगा। उम्मीदवारों को मूल प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे। इंटरव्यू के लिए टीए या डीए नहीं दिया जाएगा।

विस्तृत विज्ञापन, आवेदन फॉर्म और नियम संस्थान की वेबसाइट www.iitism.ac.in पर उपलब्ध हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.