NEWS7AIR

Ranchi: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज राँची क्लब, राँची में आयोजित ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।

राज्यपाल महोदय ने युवाओं की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि उनका ज्ञान, कौशल और रचनात्मकता देश की प्रगति को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। इस संदर्भ में उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा। उन्होंने सभी से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, परिश्रम और उत्कृष्टता के साथ योगदान देने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने राज्य के विभिन्न जिलों के सुदूरवर्ती गाँवों के अपने भ्रमण का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होने तथा उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एक्सपो नागरिकों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीक तथा रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े अवसरों की जानकारी प्रदान करने में उपयोगी सिद्ध होगा।

राज्यपाल झारखण्ड की विकास संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध जनजातीय विरासत, कला-संस्कृति और प्रतिभाशाली युवाओं से संपन्न राज्य में प्रगति की व्यापक संभावनाएँ हैं। आधुनिक ज्ञान, तकनीक, कौशल एवं उद्यमिता से इन क्षमताओं को जोड़कर राज्य के विकास को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ नागरिकों को नए अवसरों से परिचित कराने तथा विकास प्रक्रिया में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने में सार्थक भूमिका निभाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.