NEWS7AIR

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2026 पर RINPAS में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

“सुनी जाएँ जीवन की अनुभूतियाँ : वास्तविक आवाज़ें, वास्तविक बदलाव”

रांची:विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड अलाइड साइंसेज (RINPAS), कांके, रांची में आज 10 अक्टूबर 2026 को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस वर्ष विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का विषय “Lived Experiences Heard: Real Voices, Real Change” अर्थात “सुनी जाएँ जीवन की अनुभूतियाँ : वास्तविक आवाज़ें, वास्तविक बदलाव” है। इस विषय का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े अपने अनुभवों को साझा करने वाले लोगों की आवाज़ को महत्व देना तथा उनके अनुभवों के आधार पर मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के दौरान RINPAS OPD परिसर में आम लोगों, मरीजों, उनके परिजनों, विद्यार्थियों एवं संस्थान के कर्मियों के बीच मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी संदेश प्रसारित किए गए। विशेष रूप से किसी व्यक्ति की बात को ध्यानपूर्वक सुनना, उसके अनुभवों को समझना, बिना किसी पूर्वाग्रह के संवाद करना तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ मानसिक स्वास्थ्य सहायता लेने के महत्व पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य फाउंडेशन द्वारा विकसित जागरूकता सामग्री के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हर व्यक्ति अच्छे मानसिक स्वास्थ्य का हकदार है। लोगों को यह भी बताया गया कि किसी व्यक्ति की मानसिक परेशानी को केवल सलाह देने के बजाय पहले उसकी बात सुनना और उसके अनुभव को समझना अधिक प्रभावी सहायता का माध्यम हो सकता है।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर युवाओं एवं विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान से जोड़ने के लिए नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक समस्याओं, सामाजिक समर्थन तथा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता से संबंधित संदेश प्रभावी एवं सरल तरीके से प्रस्तुत किए गए।

आज के कार्यक्रम में Gian Sagar College of Nursing, Ram Nagar, Rajpura, Punjab के विद्यार्थियों द्वारा 11:15 बजे से 11:30 बजे तक तथा College of Nursing, Tata Main Hospital, Jamshedpur के विद्यार्थियों द्वारा 11:30 बजे से 11:45 बजे तक RINPAS OPD में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।

RINPAS द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 10 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक जागरूकता गतिविधियों की श्रृंखला भी निर्धारित की गई है। इसके अंतर्गत विभिन्न नर्सिंग संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा RINPAS OPD में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता संदेश दिए जाएंगे।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि मानसिक स्वास्थ्य केवल मानसिक बीमारी की अनुपस्थिति नहीं, बल्कि व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। समाज में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कलंक को कम करने के लिए आवश्यक है कि हम लोगों को बोलने का अवसर दें, उनकी बात सुनें और उन्हें आवश्यक सहायता तक पहुँचने में सहयोग करें।

RINPAS मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उपचार, पुनर्वास, प्रशिक्षण, अनुसंधान तथा जन-जागरूकता के माध्यम से समाज में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच और स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.