NEWS7AIR

टाना भगत स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में स्थापित होंगी प्रतिमाएं: महात्मा गांधी के साथ 89 सेनानियों की यादें होंगी जीवंत

रांची: स्वतंत्रता आंदोलन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर महत्वपूर्ण योगदान देने वाले टाना भगत समुदाय के स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए एक ऐतिहासिक पहल की गई है। आंदोलन में भाग लेने वाले 89 टाना भगत स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ स्थापित की जाएंगी। गौरतलब है कि इन सभी वीर सेनानियों को तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी द्वारा ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया था।

इस गौरवमयी प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश, कृषि मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व मंत्री श्री बंधु तिर्की, श्री सूर्यकांत शुक्ला सहित टाना भगत स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन और उनके परिवार के सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

सम्मानित होने वाले इन वीर सेनानियों में जतरा वीर टाना भगत, सोमा टाना भगत, अंतू टाना भगत, हरिवंश टाना भगत, लालू टाना भगत, झखुआ टाना भगत, आशीर्वाद टाना भगत तथा सोमरा टाना भगत सहित समुदाय के कई अन्य दिग्गज नाम शामिल हैं।
टाना भगत स्वतंत्रता सेनानियों का जीवन त्याग, सत्य, अहिंसा और राष्ट्रभक्ति की एक अनूठी और प्रेरणादायी गाथा रहा है। उन्होंने महात्मा गांधी जी के विचारों और स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों को पूरी तरह आत्मसात करते हुए देश की आजादी के संघर्ष में अपनी अग्रिम भूमिका निभाई थी।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इन प्रतिमाओं की स्थापना से आने वाली पीढ़ियों को झारखंड के स्वतंत्रता संग्राम में टाना भगत समुदाय के अद्वितीय योगदान, उनके कड़े संघर्ष और राष्ट्रभक्ति से परिचित होने का अवसर मिलेगा। यह पहल उनके ऐतिहासिक योगदान को उचित सम्मान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को सत्य, अहिंसा और देशभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की निरंतर प्रेरणा देती रहेगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.