NEWS7AIR

ओबीसी को जनगणना में अलग कॉलम की मांग को लेकर कांग्रेस का राजभवन घेराव, 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की मुलाकात

रांची : जातीय जनगणना में ओबीसी समाज के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से राजभवन घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के बाद कांग्रेस के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और ओबीसी समाज की जनसंख्या को जातीय जनगणना में स्पष्ट रूप से दर्ज करने की मांग रखी.

प्रतिनिधिमंडल में एआईसीसी सचिव अंबा प्रसाद, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, ओबीसी कांग्रेस प्रभारी योगेंद्र योगी, ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशांत जायसवाल, विधायक ममता देवी, अभिलाष साहू, शशिभूषण राय, डॉ. रौशन कुमार साहू, राकेश किरण और आदित्य विक्रम जायसवाल शामिल थे।

कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के समक्ष कहा कि जातीय जनगणना में ओबीसी समाज की वास्तविक संख्या और सामाजिक-आर्थिक स्थिति का आंकड़ा सामने आना जरूरी है। इसके लिए जनगणना प्रपत्र में ओबीसी के लिए अलग कॉलम का प्रावधान किए जाने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जनसंख्या के वास्तविक आंकड़ों के आधार पर ही सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व तथा कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से इस मांग को उचित माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया।

राजभवन घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ओबीसी समाज के प्रतिनिधित्व और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी भी की। पार्टी नेताओं ने कहा कि ओबीसी समाज की जनसंख्या का सही आंकड़ा सामने आने से नीति निर्माण और प्रतिनिधित्व से जुड़े फैसलों में तथ्यात्मक आधार मजबूत होगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.