रांची विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने NTA–CSIR-UGC JRF/NET परीक्षा में रचा सफलता का नया अध्याय
रांची: रांची विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय प्राणी विज्ञान (Zoology) विभाग के विद्यार्थियों ने NTA–CSIR-UGC JRF/NET परीक्षा, जुलाई 2026 में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर विश्वविद्यालय एवं विभाग का नाम गौरवान्वित किया है। विभाग के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि रांची विश्वविद्यालय का प्राणी विज्ञान विभाग उच्च स्तरीय शिक्षण, शोध एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।
परीक्षा परिणाम के अनुसार विभाग के सात विद्यार्थियों ने CSIR-JRF/NET तथा CSIR-NET-LS में सफलता प्राप्त की है। इनमें जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF-NET) श्रेणी में AIR-52 पर विष्णु कान्त पाण्डेय (सत्र 2024-26), AIR-76 पर विश्वजीत प्रसाद (सत्र 2022-24), AIR-94 पर सुमित कुमार (सत्र 2024-26), AIR-95 पर सूफिया अम्बर (सत्र 2023-25) तथा AIR-98 पर प्रमोद कुमार (सत्र 2024-26) शामिल हैं। NET – व्याख्याता (LS) श्रेणी में AIR-46 पर सुप्रिया कुमारी, AIR-62 पर दीपांजलि कुमारी, विशेष रूप से इन विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर Top 100 AIR में स्थान प्राप्त करना विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
इनके अतिरिक्त NTA-Ph.D. में भी विभाग के देव कुमार (सत्र 2023-25) और चंदन कुमार (सत्र 2023-25), अंशु प्रिया (सत्र 2024–26) एवं सोनल तलेज़ा (सत्र 2024–26) ने सफलता हासिल की है।
इस शानदार उपलब्धि पर रांची विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रोफ़ेसर सरोज शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां विश्वविद्यालय की अकादमिक प्रतिष्ठा को और मजबूत करती हैं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
विश्वविद्यालय प्राणी विज्ञान (Zoology) विभाग की विभागाध्यक्ष एवं डीन, फैकल्टी ऑफ साइंस, डॉ. बंदना कुमारी विभागाध्यक्ष डॉ. बंदना कुमारी के साथ-साथ विभाग के सभी शिक्षक—डॉ. सीमा केशरी, डॉ. कुमारी स्वाति, डॉ. रोहित श्रीवास्तव, डॉ. नीता लाल, डॉ. सोनी तिवारी, डॉ. निवेदिता मून मून, डॉ. आनंद कुमार ठाकुर ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत के साथ-साथ विभाग में विकसित किए जा रहे शोधपरक, विद्यार्थी-केंद्रित एवं प्रतियोगी परीक्षा उन्मुख शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
उत्कृष्ट शिक्षण एवं शोध की परंपरा
रांची विश्वविद्यालय का प्राणी विज्ञान (Zoology) विभाग लंबे समय से जीव विज्ञान, पारिस्थितिकी, मत्स्य विज्ञान, कीट विज्ञान तथा अन्य जैव-विज्ञान विषयों में शिक्षण एवं शोध के लिए अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। विभाग विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर उन्हें शोध, वैज्ञानिक चिंतन, प्रयोगात्मक कार्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर विशेष बल देता है।
विभाग में अनुभवी एवं समर्पित शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ शोध एवं उच्च शिक्षा के अवसरों से परिचित कराया जाता है। CSIR-UGC NET/JRF जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा में एक ही विभाग के नौ विद्यार्थियों का Top-100 AIR में स्थान बनाना विभाग की शैक्षणिक उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा सकता है।
विभाग ने इस उपलब्धि को “मेहनत, मार्गदर्शन और उत्कृष्टता की साझा सफलता” बताते हुए कहा कि आने वाले समय में भी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध और उच्च शिक्षा के लिए तैयार करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।






