NEWS7AIR

विश्वविद्यालय की अनियमितताओं के खिलाफ ABVP ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन, 14 सितंबर तक का अल्टीमेटम

दुमका: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) दुमका द्वारा सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में व्याप्त विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं तथा परीक्षा विभाग में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं को लेकर आज विश्वविद्यालय के कुलपति महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में तत्काल आवश्यक सुधार एवं ठोस कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से विशेष रूप से प्रभारी परीक्षा नियंत्रक को हटाने, उनके कार्यकाल एवं कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराने, NCCF से संबंधित कार्यों एवं टेंडर प्रक्रिया की जांच, परीक्षा केंद्रों में किए गए बदलाव की समीक्षा, लंबित परीक्षाओं एवं परिणामों का शीघ्र प्रकाशन, परीक्षा परिणाम एवं पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता, विश्वविद्यालय में LLB की पढ़ाई शुरू करने, भवन निर्माण कार्यों की तकनीकी एवं वित्तीय जांच, घटाई गई UG नामांकन सीटों को पुनः बहाल करने तथा Ph.D. प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने सहित विभिन्न मांगें रखी गईं।

इस अवसर पर नगर सह मंत्री आदित्य जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय में परीक्षा एवं परिणाम से संबंधित समस्याओं के कारण हजारों विद्यार्थियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परीक्षा विभाग में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रभारी परीक्षा नियंत्रक के कार्यकाल एवं कार्यप्रणाली को लेकर विद्यार्थियों के बीच उठ रहे सवालों का निष्पक्ष जांच के माध्यम से समाधान किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्रहित के विभिन्न विषयों को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष उठाती रही है। इसके बावजूद समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन समय रहते इन मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं करता है, तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन को और तेज करेगी।

ABVP ने विश्वविद्यालय प्रशासन को 14 सितंबर 2026 तक का समय दिया है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर मांगों पर सकारात्मक एवं ठोस कार्रवाई नहीं होने पर छात्रहित में भूख हड़ताल एवं लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा। साथ ही कुलपति और प्रभारी परीक्षा नियंत्रक को हटाने तथा विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में दुमका एवं साहिबगंज विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, नगर सह मंत्री आदित्य जोशी, शिकारीपाड़ा नगर मंत्री सूरज पाल, मनीष यादव, रजनीश, अब्दुल. कलीम. राहुल. जियाउल. मुशर्रफ. राकिब. अजमेर. अमृत. सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.