NEWS7AIR

एनएसयूआई के प्रयास रंग लाए: कुलपति महोदया डॉ. सरोज शर्मा ने सत्र सुधार, परीक्षा-परिणाम और छात्र हितों पर दिए बड़े आश्वासन

Ranchi: आज लगातार तीसरे दिन रांची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सरोज शर्मा से एनएसयूआई का एक प्रतिनिधिमंडल मिला। इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से एनएसयूआई झारखंड प्रदेश अध्यक्ष श्री बिनय उरांव, प्रदेश महासचिव सैफ अहमद, महासचिव पवन नाग, रांची विश्वविद्यालय अध्यक्ष कैफ अली, रांची महानगर अध्यक्ष सतीश केशरी सहित इल्यास अंसारी, रिया ओझा, निपुण पांडेय, जमील अख्तर एवं आदित्य कुमार उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान छात्र-हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। कुलपति महोदया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सत्र विलंब की समस्या के समाधान हेतु शीघ्र ही एक सुव्यवस्थित शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया जाएगा, साथ ही परीक्षाओं एवं परिणामों की तिथि-सारणी भी घोषित की जाएगी।

उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में हो रही अनियमितताओं, उत्तर पुस्तिकाओं के गुम होने की घटनाओं, परिणाम में विलंब एवं असामान्य रूप से अधिक छात्रों के अनुत्तीर्ण होने जैसे गंभीर मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया कि इन सभी पर ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे तथा शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बैक पेपर के लिए पुनः परीक्षा (Re-Examination) की घोषणा भी जल्द किए जाने की बात कही गई।

कुलपति महोदया ने यह भी कहा कि आगामी तीन माह के भीतर छात्र-समस्याओं के समाधान हेतु विशेष पहल की जाएगी तथा नए सत्र के प्रारंभ के उपरांत छात्र संघ चुनाव कराने के लिए भी पूर्ण प्रयास किए जाएंगे।

एनएसयूआई झारखंड प्रदेश अध्यक्ष श्री बिनय उरांव ने कहा कि एनएसयूआई सदैव छात्र-हितों की रक्षा हेतु प्रतिबद्ध रहा है। आज की बैठक में जिन मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हुई है, वे लंबे समय से छात्रों को प्रभावित कर रहे थे। हमें उम्मीद है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन जल्द ही धरातल पर उतरेंगे। यदि निर्धारित समयसीमा में समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो एनएसयूआई लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और सशक्त करने के लिए बाध्य होगी।

रांची विश्वविद्यालय अध्यक्ष कैफ अली ने कहा कि लगातार कुलपति महोदया से हो रही सकारात्मक वार्ताओं के बाद यह विश्वास मजबूत हुआ है कि उनके कार्यकाल में रांची विश्वविद्यालय तीव्र गति से प्रगति करेगा। छात्रों की समस्याओं के समाधान के प्रति उनका दृष्टिकोण सराहनीय है। हमें पूर्ण उम्मीद है कि जल्द ही छात्रों को सभी लंबित समस्याओं से राहत मिलेगी और विश्वविद्यालय का शैक्षणिक माहौल सुदृढ़ होगा।

अंत में, एनएसयूआई की ओर से कुलपति महोदया का आभार व्यक्त करते हुए यह आशा जताई गई कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र-हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.