राँची: राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और रिंग रोड से कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अरगोड़ा चौक से पुंदाग होते हुए नया सराय (रिंग रोड) तक प्रस्तावित 6.175 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ढाई से तीन एकड़ भूमि का होगा अधिग्रहण
जिला भू-अर्जन कार्यालय, राँची द्वारा इस परियोजना के लिए प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत अरगोड़ा अंचल के मौजा टुंडुल की विभिन्न खाता और प्लॉट संख्या वाली लगभग ढाई से तीन एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इस फोरलेन सड़क के निर्माण में आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण भी शामिल है।
60 दिनों के भीतर दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
अधिसूचना में प्रभावित होने वाले रैयतों के नाम, खाता संख्या, प्लॉट संख्या और अधिग्रहित की जाने वाली भूमि के क्षेत्रफल का विस्तृत विवरण प्रकाशित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित रैयतों को नियमानुसार उचित मुआवजा और अन्य सरकारी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
यदि किसी भी भू-स्वामी या रैयत को इस भूमि अधिग्रहण के संबंध में कोई आपत्ति या दावा है, तो वे अधिसूचना जारी होने की तिथि से 60 दिनों के भीतर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, राँची के कार्यालय में अपना पक्ष लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं।
कनेक्टिविटी में होगा बड़ा सुधार
इस फोरलेन सड़क के बन जाने से अरगोड़ा चौक से सीधे रिंग रोड तक पहुँचना आसान हो जाएगा। इससे पुंदाग और आसपास के इलाकों में लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और रिंग रोड के जरिए शहर के अन्य हिस्सों में जाना तेज और सुरक्षित होगा।